मल्हारगढ़ (नईदुनिया न्यूज)। शीतलहर व पाले से क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ है। शिवराज सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों को तत्काल मुआवजा दे। यह मांग शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मल्हारगढ़ व संजीत द्वारा संयुक्त रूप से राज्यपाल के नाम तहसीलदार वंदना हरित को ज्ञापन सौंपकर की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि क्षेत्र में कड़ाके की ठंड से अफीम, रायड़ा, धनिया, मेथी के साथ ही लगभग सभी फसलो को काफी नुकसान हुआ है। लहसुन में भी थ्रिप्स रोग लगने से यह फसल भी पूर्ण रूप से चोपट हो गई है। कांग्रेस लगातार आंदोलन धरने के माध्यम से शासन-प्रशासन को जगाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार के कानों पर जु तक नही रेंग रही है ओर आज तक किसानों को किसी प्रकार का कोई मुआवजा नहीं मिला है। शिवराज सरकार अभी तक सर्वे सर्वे का खेल खेल रही है, किसान मुआवजा मिलने की राह देख रहा है। किसानों को वर्ष 2019-20 में कमलनाथ की कांग्रेस की सरकार में स्वीकृत मुआवजा व बीमा शेष रहे किसानो को नही मिला है किसान वर्तमान में काफी संकट के दौर से गुजर रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष तुलसीराम पाटीदार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास में आज भी कई परिवार इस योजना से वंचित है। गरीब किराए के मकान में रहने को विवश है। ऐसे परिवारों को चिन्हित कर उन्हें प्राथमिकता से प्लाट व मकान बनाने हेतु राशि उपलब्ध करानी चाहिए। संजीत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शितलसिंह बोराना ने कहा कि संजीत से बूढा होकर झारड़ा से मल्हारगढ़ तक प्रधानमंत्री सड़क र्भ्ष्टाचार के भेंट चढ़ गई कई बार लिखित में शिकायत व सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नही हुई। जिला कांग्रेस के महामंत्री लियाकत मेव, सचिव अरविंद सोनी, कन्हैयालाल पाटीदार, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बाबु खां मेवाती, सरफराज मेव, विजेश मालेचा आदि उपस्थित थे।
Posted By: Nai Dunia News Network