मंदसौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मकर संक्रांति पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा। पर्व के एक दिन पहले बाजार में खासा उत्साह रहा। शहर में पतंग-डोर की करीब 125 दुकानें सजी हैं, जहां पर बुधवार को सुबह से रात खूब ग्राहकी हुई। मंदसौर शहर में करीब 50 लाख रुपये की पतंग और डोर बिकने का अनुमान है। वहीं जिलेभर में एक करोड़ से अधिक की पतंगें और डोर मकर संक्रांति पर बिकी है। गुरुवार सुबह से शाम तक आकाश पतंगों से रंगीन होगा, वहीं जमीन पर गिल्लियां उछलेंगी। कोरोना काल के बीच मकर संक्रांति पर्व पर लोगों में खूब उत्साह है। पतंग-डोर की खरीदी के साथ ही मकर संक्रांति पर्व पर तिल-गुड़ के व्यंजन, खिचड़ा आदि की भी खूब ग्राहकी हुई।
मकर संक्राति पर्व पर एक दिन पूर्व आसमान में पेंच लड़ाने के लिए एक दिन पहले ही शहर से लेकर जिलेभर में पतंग के बाजार में खूब बिक्री हुई। मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के लिए बच्चों में खासा उत्साह है। बच्चों ने अपनी-अपनी पसंद की पतंग और डोर की चकरियां खरीदीं। पतंगबाजी के शौकीन युवाओं की पतंगों की दुकानों पर भीड़ बनी रही। बाजार में भी दिनभर भीड़ रही। इसके साथ ही मकर संक्रांति पर्व पर तिल-गुड़ की गजक व अन्य व्यंजनों की भी अच्छी ग्राहकी हो रही है। शहरभर में गजक की करीब 50 दुकानें सजी हैं, जहां मकर संक्रांति के एक दिन पहले ग्राहकों की भीड़ रही। सभी तैयारियों के बाद मकर संक्रांति पर्व पर धार्मिक परंपराओं का भी निर्वहन होगा। पर्व पर मंदिरों में दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ रहेगी। आकाश में पतंग-डोर लहराएगी तो जमीन गिल्लियां उछलेंगी। पतंग विक्रेता अनूप माहेश्वरी ने बताया कि मंदसौर नगर में पतंग-डोर की 125 दुकानें सजी हैं। प्रति दुकान में 50 से 60 हजार का माल भरा है। पूरे शहर में करीब 50 लाख से अधिक का व्यवसाय पतंग-डोर का होगा। जिलेभर को मिलाकर व्यवसाय एक करोड़ से अधिक पर पहुंच रहा है। पतंग के दाम पांच रुपये से 300 रुपये तक है, वहीं डोर 100 रुपये प्रति गट्टे के दाम पर बिक रही है। बाजार में पतंग-डोर स्वदेशी ही हैं।
दान-पुण्य कर गोवंश को खिलाई जाएगी हरी घास
मकर संक्रांति पर्व पर दान का भी बहुत महत्व है। गुरुवार सुबह से दान-पुण्य का सिलसिला भी शुरू होगा। गायों को हरी घास, गुड़ खिलाया जाएगा। कई जगह पर दरिद्रनारायण को भोजन भी करवाया जाएगा। इसके लिए भी एक दिन पहले तैयारियां चलती रहीं।
125 दुकानें शहर में पतंग-डोर की
50 लाख के व्यवसाय का अनुमान
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे