सांसद सुधीर गुप्ता ने दी नसीहत, पार्टी के लिए काम करना है
मंदसौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नगरीय निकाय व पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा भी सक्रिय हो गई हैं। रविवार को मंदसौर में हुई जिला बैठक में सभी चुनावों को लेकर बताया गया। टिकट मिलने, नहीं मिलने सहित अन्य कारणों से नाराज नहीं होकर पार्टी का काम करते रहने को कहा गया।
भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विषम परिस्थिति में भी पार्टी के काम को आगे बढ़ाता रहता हैं। कार्यकर्ता संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर इमानदारीपूर्वक पूरी ताकत से कार्य कर सकारात्मक निर्णय देने की क्षमता रखता है। हमें भगवान श्रीराम के जीवन को नहीं भूलना चाहिए जहां राज्याभिषेक के लिए उनका नाम अंतिम समय पर परिवर्तित कर दिया गया था। इसलिए राजनीति क्षेत्र में ऐसी परिस्थिति में बिना विचलित हुए अपने को तैयार कर निरंतर पार्टी का कार्य करते रहना होगा। भाजपा
जिला संगठन प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा ने कहा कि चुनाव में दावेदारी करना कोई गलत बात नहीं है लेकिन संगठन के निर्णय के विरुद्ध आचरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टिकट लेने के समय पार्टी के निर्णय के साथ खड़े रहने का वादा चुनाव जीतने के बाद भी याद रखने वाला कार्यकर्ता चाहिए। हमें ऐसा कार्यकर्ता उम्मीदवार के रुप में चाहिये जो चुनाव जीतने के बाद संगठन की राह पर चले ना कि अलग से राह बनाने लगे। चुनाव जीतने के बाद विजयी उम्मीदवार को भाजपा की छत्रछाया में ही आगे बढ़ना है।
विपक्षी दलों को कभी कमजोर नहीं आंकना है। जोड़-तोड़ की राजनीति से हटकर जोड़ने की राजनीति पर कार्य करते हुए यह चुनाव लड़ना है। नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव आने वाले विस और लोस चुनाव का बीजारोपण है। नगरीय निकाय जिला चुनाव प्रभारी सोनू गहलोत ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के पूर्व सभी नगरीय निकायों में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन करना है।
बिना रिकार्ड के सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए थे कांग्रेस नेता
विधायक यशपालसिंह सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के षड्यंत्र से पिछड़ा वर्ग को सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण की श्रेणी से बाहर कर दिया था क्योंकि तथाकथित कांग्रेस नेता बिना तथ्यों की जानकारी और रिकार्ड के सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की पिछड़ा वर्ग को चुनाव में आरक्षण देने की मांग को सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार किया हैं। फलस्वरुप पूरे मप्र के सभी चुनाव पिछड़ा वर्ग आरक्षण के साथ हो रहे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव जिला प्रभारी नरेंद्रसिंह राजपूत ने भी संबोधित किया। स्वागत उद्बोधन भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया ने दिया। संचालन भाजपा जिला महामंत्री गणपतसिंह आंजना ने किया। आभार भाजपा अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष अशोक सूर्यवंशी ने माना।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close