10 वर्षों से भगवान श्री पशुपतिनाथजी को राखी बांध रही बहन
मंदसौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)।रक्षाबंधन पर भगवान श्री पशुपतिनाथजी को बहनों ने राखी बांधी। कालाखेत निवासी निर्मला गुप्ता ने 12 फीट लंबी राखी तैयार की और भगवान को बांधी। गुरुवार को विशेष मुहुर्त में पशुपतिनाथजी की अष्टमुखी प्रतिमा को राखी बांधी। इस साल भक्तों को राखी बांधने के लिये रेलिंग के अंदर प्रवेश नहीं मिला, जिससे भक्तों में व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी रही।
कालाखेत निवासी निर्मला गुप्ता ने अपनी बेटियों व स्वजनों के साथ भगवान श्री पशुपतिनाथजी को करीब 12 फीट लंबी राखी बांधी। निर्मला गुप्ता ने बताया कि उन्होंने लगातार 10वें वर्ष भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव को राखी बांधी है। भगवार पशुपतिनाथजी के लिये विशेष राखी 20 दिनों में तैयार की गई है। इसके अलावा खानपुरा निवासी अर्पणा जैन ने भी भगवान पशुपतिनाथजी को 12 फीट की राखी बांधकर प्रार्थनाएं कीं। अर्पणा जैन 15 वर्षों से भगवान पशुपतिनाथ को राखी बांध रही है। इसके अलावा सुबह से शाम तक अन्य बहनें भी राखी लेकर पहुुंचती रहीं।
बहनों ने भाई को बांधी राखी, बदले में मिला रक्षा का वचन
भाई-बहन के प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व गुरूवार को जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक कर उन्हें राखी बांधी। बदले में भाइयों ने रक्षा का वचन और उपहार दिए। सुबह से ही बहन और भाई के इस पर्व को लेकर उत्साह छाया रहा। रक्षाबंधन पर्व के दिन बाजार में राखी, मिठाई नारियल की खूब बिक्री हुई। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्मणेश्वर मंदिर में ब्राह्मण समाजजनों ने श्रावणी कर्म भी किया गया। गुरूवार को रक्षाबंधन के अवसर पर घरों में बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई की सलामती की प्रार्थनाएं कीं, वहीं भाइयों ने रक्षा का वचन दिया। सुबह से रात तक शुभ मुहुर्त में रक्षाबंधन पर्व का उत्साह छाया रहा। जिला जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए जेल परिसर में बहनों की भीड़ रही। यहां पर दिनभर रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। इसके साथ ही जिलेभर में रक्षाबंधन पर्व परम्परा अनुसार मनाया गया।
Posted By: Nai Dunia News Network