मुरैना।(नईदुनिया प्रतिनिधि)। अंबाह कस्बे के अंग्रेजी शराब ठेका के सामने मंगलवार की रात साढ़े 9 बजे के करीब बाइक से आए 2 बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है मृतक युवक प्राइवेट एंबुलेंस का चालक था। युवक को दो गोली मारी गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। जानकारी के मुताबिक नावली गांव निवासी गोरे सिंह तोमर प्राइवेट एंबुलेंस चलाने का काम करता है। मंगलवार की रात साढ़े 9 बजे के करीब वह अंबाह कस्बे के अंग्रेजी शराब ठेका के सामने से होकर गुजर रहा था। उसी बीच बाइक से आए तो बदमाशों ने गोरे सिंह तोमर को पीछे से दो गोली मारी, एक गोली पीठ को चीरते हुए पेट से ऊपर निकल गई। वहीं दूसरी गोली पीठ से छाती से होकर निकली। दो गोलियां लगने से गोरे सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बैठकर दोनों बदमाश मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां गोरे सिंह तोमर के शव को बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया। वही उसके स्वजन को भी सूचना दी गई। गोली मारने वाले बदमाशों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई है। उधर बताया जाता है कि गोली मारने से पहले बाइक सवार बदमाशों ने गोरे सिंह को रोका और किसी पैसे की लेनदेन की बात कही। दोनों ही बदमाशों के हाथ में बीयर की बोतल भी बताई जा रही है। जिससे दोनों ही नशे में धुत भी थे। इसी बीच कहासुनी के बीच बदमाशों ने गोरे सिंह को गोलियां मार दी।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close