मुरैना (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुरैना जिला अस्पताल में फर्जी डाक्टर महिला वार्ड में इलाज करते हुए पकड़ा गया। करीब 15 दिन से वह अस्पताल आ रहा था। नर्सों को उसके काम करने के तरीके पर संदेह हुआ और सूचना अस्पताल प्रबंधन को दे दी। इसके बाद पुलिस बुलाकर फर्जी डाक्टर संजय माहौर को थाने भिजवा दिया गया। रविवार सुबह जिला अस्पताल के महिला वार्ड में डाक्टर बनकर संजय माहौर पहुंचा और वहां भर्ती महिलाओं का चेकअप करने लगा। इसी दौरान उसने नर्सों से महिला मरीजों की फाइल मांगी। नर्सों को उसके बर्ताव व इलाज के तरीके पर संदेह हुआ और उन्होंने डा. योगेश तिवारी व डा. अंकुर गुप्ता को बुलाया। दोनों ने संजय माहौर को पहचानने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद आरएमओ डा. धर्मेंद्र गुप्ता पुलिस को लेकर अस्पताल में पहुंचे और उसे गिरफ्तार करवा दिया। आरोपित संजय माहौर गौसपुर गांव का निवासी है और वर्तमान में तुस्सीपुरा में रहता है। उसके पास दो पहचान पत्र भी मिले हैं, एक में एमबीबीएस व दूसरे में एमडी डाक्टर बताया गया है। कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
अंबाह में छह महीने तक विभाग ने वेतन भी दिया
संजय माहौर ने 30 मई 2019 को अंबाह अस्पताल में नकली ट्रांसफर आदेश से लगभग छह माह तक अंबाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दीं। विभाग ने उसे वेतन भी दिया। बीएमओ डा. डीएस यादव को शक हुआ और उन्होंने दस्तावेज मांगे। उसी दिन से यह लापता हो गया था। इसके बाद अंबाह थाना पुलिस ने चार दिसंबर 2019 को उसे गिरफ्तार कर लिया था। लगभग एक साल जेल में रहने के बाद वह जिला अस्पताल में पहुंच गया।
डाक्टरी परीक्षा पास नहीं कर पाया
आरोपित ने बताया कि वह 12वीं पास है और डाक्टर बनना चाहता था। कई बार उसने पीएमटी की परीक्षा भी दी। उसका कहना है कि उसने व्यापमं की परीक्षा पास की थी, लेकिन घोटाला होने के कारण वह डाक्टर नहीं बन पाया। उसके बाद उसने एक झोलाछाप के क्लीनिक पर नौकरी शुरू कर दी और डाक्टरी सीखने लगा। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की मानें तो संजय मानसिक बीमारी से ग्रस्त लगता है, जो अस्पतालों में डाक्टर बनकर चला जाता है।
Posted By: Prashant Pandey
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
- #Fake Doctor
- #Morena District Hospital
- #Fake Doctor in Morena District Hospital
- #Morena News
- #Morena Hindi News
- #मुरैना समाचार
- #मुरैना जिला अस्पताल
- #फर्जी डाक्टर
- #मुरैना में नकली डाक्टर