Morena news: मुरैना .नईदुनिया प्रतिनिधि। मुरैना की राजनीति में सोमवार का दिन भारी हलचल मचाने वाला रहा। दिमनी विधानसभा के खांटी नेता और पूर्व विधायक बलवीर सिंह डण्डोतिया ने कांग्रेस छोड़कर फिर से बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ले ली। बलवीर सिंह डण्डोतिया बसपा के टिकट पर 2013 में दिमनी विधानसभा से विधायक का चुनाव जीते थे। इससे पहले बसपा के टिकट पर ही 2008 में मुरैना विधानसभा से विधायक का और 2009 में लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

चार साल थे सक्रिय

पूर्व विधायक बलवीर सिंह डण्डोतिया ने 2019 में बसपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। चार साल से वह कांग्रेस की सक्रिय राजनीति कर रहे थे। कमल नाथ सरकार गिरने के बाद हुए उप चुनाव में बलवीर सिंह ने पूर्व मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के खिलाफ सुमावली विधानसभा से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें अनदेखा कर भाजपा से आए अजब सिंह कुशवाह को टिकट दिया था। करीब छह महीने से कांग्रेस से अलग-थलग से दिख रहे बलवीर सिंह डण्डोतिया ने सोमवार को ग्वालियर में बहुजन समाज पार्टी के संभागीय कार्यालय पर कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल, प्रदेश प्रभारी मुकेश अहिरवार, सुनील बघेल, विद्याराम कौशल, पूर्व विधायक मनीराम धाकड़, सोनेराम कुशवाह और बसपा के जिला अध्यक्ष दीपेंद्र बौद्ध की मौजूदगी में उन्होंने बसपा की सदस्यता ले ली। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बलवीर सिंह बीते दो महीने से उनके संपर्क में थे, पार्टी हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद उनकी घर वापसी करवाई गई है।

नेता खोया कांग्रेस ने, परेशानी बढ़ी भाजपा की

इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं और इस चुनावी साल में दल बदलने का दौर भी चल पड़ा है। कुछ दिन पहले ही बसपा नेता रामप्रकाश राजौरिया ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। सोमवार को पूर्व विधायक बलवीर सिंह डण्डोतिया के बसपा में जाने से कांग्रेस ने बड़ा नेता खोया है, लेकिन परेशानी जैसा माहौल कांग्रेस की बजाय भाजपा में दिख रहा है। दिमनी विधानसभा से भाजपा के टिकट लिए पूर्व मंत्री व वर्तमान में मप्र ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष गिर्राज डण्डोतिया चुनाव के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं। सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए गिर्राज डण्डोतिया उप चुनाव में कांग्रेस के रविंद्र सिंह भिडोसा से हार गए थे। इस चुनाव में भी दिमनी से गिर्राज डण्डोतिया का टिकट तय था, लेकिन बलवीर डण्डोतिया ने नए समीकरण बना दिए है, क्योंकि बलवीर सिंह डण्डोतिया बसपा के टिकट पर दिमनी से ही चुनावी रण में उतरेंगे, यदि भाजपा ने गिर्राज डण्डोतिया मैदान में उतरे दो ब्राह्मण नेता होने से ब्राह्मण वोटों का अप्रत्याशित बंटवारा होगा, क्योंकि ब्राह्मण समाज के वोटरों में पूर्व विधायक बलवीर सिंह का खासा प्रभाव है, इसका सीधा नुकसान भाजपा को होगा, इसलिए भाजपा में परेशानी जैसा माहौल बन पड़ा है।

कांग्रेस में बस धोखाधड़ी है, इस उम्र में किसके पैर छुएं

बसपा में मेरा जीवन बीत गया, कांग्रेस में मन ही नहीं लग रहा था। सात फरवरी को भोपाल में कमल नाथ से मिलने गया, लेकिन वह मिले ही नहीं। वहां तो तभी मिल सकते हैं, जब पैर छुओ। इस उम्र में किस-किस के पैर छूं, मैंने पैर पूजने की नहीं ईमानदारी की राजनीति की है। 2019 में मैंने कांग्रेस ज्वाइन की थी तब कांग्रेस के बड़े नेताओं ने वादा किया था कि मुझे ऐदल सिंह के खिलाफ सुमावली विधानसभा से टिकट देंगे, लेकिन मुझसे धोखा कर भाजपा से आए अजब सिंह को टिकट दिया गया। मैं सीधा-सपाट आदमी हूं, छल-फरेब नहीं जानता, जितना कर सकता हूं वही कहता हूं। कांग्रेस में धोखाधड़ी के अलावा कुछ नहीं। ऐसी पार्टी में चापलूस या बेईमान ही टिक सकते हैं। मैं दिमनी विधानसभा से ही चुनाव लडूंगा।

बलवीर सिंह डण्डोतिया, पूर्व विधायक, दिमनी विस

Posted By: anil tomar

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close