Morena News: पोरसा . नईदुनिया प्रतिनि​​धि। पोरसा थाना क्षेत्र के करके का पुरा कोंथरकला में लंबे समय से चली आ रही जमीनी रंजिश के चलते आधा दर्जन लोगों ने घर के बाहर खड़े दो भाइयों पर हमला कर दिया। इस हमले के दौरान आरोपितों ने बंदूक से फायर किया। जिससे एक भाई के सिर के पास गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे भाई को लाठी कुल्हाड़ियों से हमला कर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में घायल भाई की फरियाद पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद मृतक के स्वजन ने अस्पताल के बाहर सड़क पर जाम भी लगा दिया, लेकिन पुलिस की समझाइश पर आधा घंटे बाद खोल दिया।

यह है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक करके का पुरा निवासी नरोत्तम सिंह तोमर अपने भाई अवधेश सिंह तोमर उम्र 30 साल के साथ शुक्रवार की दोपहर 12 बजे के करीब अपने घर के बाहर खड़ा था। उसी समय पास के गांव बमूरपुरा के महेंद्र तोमर सहित आधा दर्जन लोग लाठी, कुल्हाड़ी व बंदूकों से लैस होकर करके का पुरा आ गए। नरोत्तम व महेंद्र सिंह का पिछले काफी दिनों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के चलते पिछले दिनों कई बार झगड़े भी हो चुके थे। महेंद्र पूरी तैयारी के साथ नरोत्तम के घर हमला करने पहुंचा। आते ही उसने गाली गलौज की। इसके बाद महेंद्र ने नरोत्तम व अवधेश की ओर बंदूक से फायर कर दिया।एक गोली अवधेश सिंह तोमर की बाई ओर आंख के पास आकर लगी। अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई। सभी आरोपितों ने एकराय होकर नरोत्तम पर लाठी डंडें व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वह भी घायल हो गया। इसके बाद सभी आरोपित गाली गलौज करते हुए फरार हो गए। ग्रामीण अवधेश व नरोत्तम को अस्पताल लेकर पहुंचे। अवधेश की पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं नरोत्तम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में नरोत्तम की फरियाद पर आरोपित महेंद्र तोमर, शिशुपाल उर्फ टुंडे तोमर, गिले उर्फ सोनू तोमर, जगमोहन उर्फ जग्गे तोमर, पप्पू उर्फ शत्रुघन तोमर व धर्मसिंह तोमर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

स्वजन ने अस्पताल के सामने लगाया जाम

अवधेश सिंह तोमर की हत्या के बाद आक्रोशित स्वजन ने अस्पताल के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। स्वजन की मांग थी कि सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां स्वजन को समझाइश दी। पुलिस ने कहा कि एफआइआर हो चुकी है, अगर पुलिस जाम में रहेगी तो आरोपितों की धरपकड़ मुश्किल हो जाएगी। इस पर लगभग आधा घंटे बाद इस जाम को खोल दिया गया।

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close