घर से ही चित्र बनाकर शामिल होंगे प्रतिभागी
नीमच (नईदुनिया प्रतिनिधि)। गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को 'गंदगी भारत छोड़ो' अभियान के साथ ही स्वच्छता पर स्लोगन एवं चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
स्वच्छता विकास अभियान संस्था के संयोजक डॉ. हरनारायण गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत महात्मा गांधी जयंती पर नगर पालिका परिषद के सहयोग से सुबह आठ बजे गांधी वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं आसपास की साफ-सफाई कर प्रतिमा पर पुष्प मालाएं अर्पित की जाएंगी। इसके बाद संस्था सदस्यों और नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों द्वारा क्रांतिकारी शहीद वाटिका पारसी बावड़ी परिसर की साफ-सफाई की जाएगी।
नपा के स्वास्थ्य अधिकारी विश्वास शर्मा ने बताया स्वच्छ सुंदर शहर के तहत स्कूली एवं अन्य सभी बच्चों के लिए स्वच्छता पर स्लोगन, गीत, भजन, कविता व चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सभी प्रतियोगी अपने घर से ही चित्र बनाकर सुबह नौ बजे गांधी वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगी को सम्मान के साथ पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। संस्था प्रवक्ता डॉ. राकेश वर्मा व महामंत्री किशोर बागड़ी ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2020-21 में शहर को प्रथम पायदान पर आने के लिए सभी शहरवासी शहर को स्वच्छ सुंदर बनाने, गीला-सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित कर नपा की कचरा गाड़ी में डालें।
फोटो-
30एनसीएच-10 स्वच्छता संस्थाओं द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। संस्था के पदाधिकारी प्रतिदिन नागरिकों को सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक भी करते हैं।
स्नातक स्तर की रिक्त आरक्षित सीट पर सामान्य वर्ग ले सकेगा प्रवेश
दूसरा चरण : सात अक्टूबर तक प्राचार्य के निर्देशन में होगी प्रक्रिया
नीमच (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिलेभर के शासकीय कॉलेज में एक अक्टूबर से स्नातक स्तर प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू होगा। सीएलसी (कॉलेज लेवल कोर्स) स्तर पर यह प्रक्रिया होगी। सात अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रक्रिया में रिक्त रही आरक्षित सीट को अब सामान्य वर्ग से भरा जा सकेगा। यह पूरी प्रक्रिया प्रावीण्य सूची के आधार पर होगी। विद्यार्थियों को प्रवेश देने के लिए संस्था प्राचार्य अधिकृत होंगे।
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संजय जोशी ने बताया कि प्रथम चरण सीएलसी स्तर पर महाविद्यालयों में फीस जमा हो चुकी है। शेष रह गई सीटों के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिले में सात कॉलेज है। जिला मुख्यालय पर दो कॉलेज के अतिरिक्त रामपुरा, मनासा, जावद, सिंगोली व जीरन कॉलेज शामिल है। जोशी के अनुसार सात अक्टूबर के बाद स्नातक स्तर की कक्षाओं में प्रवेश नहीं दिए जाएंगे। सात अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच स्नातकोत्तर कक्षाओं के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश स्तर के बाद सीएलसी का प्रथम चरण समाप्त हो गया। जिले में स्नातक स्तर पर 5329 सीटों के लिए यह प्रवेश प्रक्रिया अपनाई जा रही है। एक अक्टूबर से ही सभी महाविद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
फोटो-
30एनसीएच-16- नीमच के मनासा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय। -नईदुनिया
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे