रतलाम (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बांद्रा से कटरा जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस में सोमवार को एसी कोच में एसी फेल होने से यात्रियों को जमकर परेशानी हुई। बडौदा से एसी खराब होने के बाद ट्रेन के रतलाम आने पर कोच बदला गया। इसके चलते ट्रेन करीब सवा घंटा लेट हो गई।
जम्मूतवी एक्सप्रेस का रतलाम पहुंचने का समय 7ः45 बजे है, लेकिन सोमवार को ट्रेन 50 मिनट देरी से 8ः35 बजे रतलाम पहुंची। इससे पहले बडौदा में ही ट्रेन के बी-1 कोच में एसी नहीं चलने की शिकायत यात्रियों ने की। इसकी सूचना रतलाम स्टेशन पर दी गई। स्टेशन अधीक्षक विजयसिंह सिसौदिया ने यात्रियों से चर्चा कर उन्हें कोच बदलने की जानकारी दी। इसके बाद कोच को काटकर अलग कर नया कोच जोड़ा गया। ट्रेन के बीच में कोच होने से शंटिंग में भी समय लगा और ट्रेन करीब सवा घंटे लेट रात 10 बजे रवाना हो गई। इस बीच दो अन्य पैसेंजर ट्रेनों को निकाला गया।
समर कैंप आज से
रतलाम। न्यू रोड स्थित श्री गुजराती समाज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 17 से 31 मई तक समर कैंप का आयोजन होगा। कैंप में कक्षा छठी से नौवीं तक के विद्यार्थियों को विभिन्ना विधाओं में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से बेडमिंटन, डोज बाल, रस्सा खेंच, कैरम, शतरंज, खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, रस्सी कूद, योगा, एरोबिक, जुंबा आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा ड्राइंग, पेंटिंग, टाय मेकिंग, मेहंदी, गुलदस्ता बनाना तथा अन्य आर्ट, हैंडीक्राफ्ट की वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी जितेंद्र राठौर, रेखा शर्मा, नरेंद्र राव से संपर्क कर सकते हैं। कैंप का समय सुबह सात से 8ः30 बजे तक रहेगा। जानकारी प्राचार्य संजय राज दुबे ने दी।
0000
महर्षि नारद मुनि की जयंती आज
रतलाम। सृष्टि के पहले संचारकर्ता महर्षि नारद मुनि की जयंती 17 मई को मनाई जाएगी। गरिमामय आयोजन में मुख्य वक्ता मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के चेयरमैन राजेशलाल मेहरा महर्षि नारद के अनछुए पहलुओं पर रोशनी डालेंगे। विश्व संवाद केंद्र के बैनर तले 17 मई को शाम पांच बजे पावर हाउस रोड स्थित प्रेस क्लब भवन पर जयंती मनाई जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता रतलाम प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी करेंगे। उल्लेखनीय है कि हिंदू मान्यताओं के अनुसार नारद मुनि का जन्म सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा की गोद से हुआ था। देवर्षि नारायण हाथ में वीणा लिए भगवान विष्णु का नाम लेते हुए एक जगह से दूसरे जगह भ्रमण करते रहते हैं। नारद मुनि को एक संचारकर्ता के रूप में जाना जाता है। संचार जीवन के लिए बहुत आवश्यक है। संचार के माध्यम से ही एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति से जुड़ सकता है।
0000
29 को लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
रतलाम। जवाहरनगर स्थित रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा की बैठक हुई। इसमें महासभा और डा. अरुण पुरोहित मित्र मंडल द्वारा 29 मई को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने, पांच जून विश्व पर्यावरण दिवस से सात दिवसीय रोग निवारण योग प्राणायाम शिविर डा. गणेश राव ऋषिकेश के मार्गदर्शन में योगा इंस्टीट्यूट मुंबई से प्रशिक्षित डा. प्रज्ञा पुरोहित के सहयोग से करने का निर्णय लिया गया। प्रतिदिन सुबह छह बजे से योग शिविर के साथ शाम सात बजे से ध्यान शिविर का आयोजन होगा। प्रदूषण कम करने के लिए निशुल्क तुलसी के पौधों का वितरण किया जाएगा।
अध्यक्ष डा. अरुण पुरोहित व सचिव नरेंद्र जोशी ने बताया कि इस वर्ष 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व माता-पिता के सम्मान समारोह के साथ अन्य आयोजन भी किए जाएंगे। बैठक के प्रारंभ में भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। डा. मुरलीधर चांदनीवाला, डा. अमर सारस्वत, नरेंद्र त्रिवेदी, डा. सुलोचना शर्मा, शैलेंद्र तिवारी, सुनीता पाठक, नीरज शुक्ला, राजेश दवे, प्रज्ञा पुरोहित, सतीश पुरोहित, प्रवीण उपाध्याय, ओम तिवारी, सविता पुरोहित, कल्पना पुरोहित, जीके शर्मा, अजय जोशी, सुनील दुबे, अनुराग लोखंडे आदि उपस्थित थे। संचालन डा. मुनींद्र दुबे ने किया। आभार छोटू भाई उपाध्याय ने माना।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close