सागर (नवदुनिया न्यूज)। जरुआखेड़ा में बीना रोड पर बनहट ग्राम के पास जंगल में अज्ञात लोगों ने दो गोवंशी पशुओं की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। नजदीक ही चार गोवंशियों को काटने के लिए बांधकर रखा हुआ था। लोगों के पहुंचने पर आरोपित भाग गए। वह अपने साथ काटे हुए मवेशियों का मांस भी नहीं ले जा सके। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात को कुछ अज्ञात लोगों ने बनहट ग्राम के पास जंगल में दो गोवंशी पशुओं की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उन्होंने मांस के टुकड़ों को बोरियों में भरकर रख लिया था। चार अन्य गोवंशियों को काटने के लिए बांधकर रखा हुआ था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे तो आरोपित कटे हुए मवेशियों का मांस और बंधे हुए गोवंशियों को छोड़कर भाग खड़े हुए। सुबह जंगल पहुंचे लोगों ने वहां खून और मवेशियों की खाल बगैरह देखी। तत्काल उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग का दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद वन अमले ने खुरई पुलिस थाने को मामले की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मृत गोवंशियों के अवशेषों को जमीन में दफनाकर मौके से बरामद कुल्हाड़ी और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। उपनिरीक्षक नितिन पाल ने बताया कि अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। मांस के सैंपल फोरेंसिक लेब भेजकर जांच कराई जाएगी। आरोपितों की तलाश भी सरगर्मी से शुरू कर दी गई हैँ।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close