सागर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के तहत शहर की कालोनियां जीरो बेस्ट बनाए जाने को लेकर नगर निगम आयुक्त आरपी अहिरवार ने शहर के कॉलोनाइजरर्स के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में कालोनियों में होने वाले छोटे-बड़े कार्यक्रमों में प्लास्टिक के डिस्पोजल बर्तनों के उपयोग के स्थान पर बर्तनों का उपयोग किए जाने को लेकर चर्चा हुई। इसके लिए कालोनियों में बर्तन बैंक बनाने पर निर्णय हुआ। इन बर्तन बैंकों से लेकर अपने यहां होने वाले आयोजनों में बर्तनों का उपयोग करेंगे। बाद में इन्हें जमा करा देंगे। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के ब्रांड एम्बेसिडर इंजी. प्रकाश चौबे, सुशील तिवारी, अजय दुबे, गोलू रिछारिया सहित अन्य बिल्डर मौजूद थे। श्री अहिरवार ने कहा कि जीरो बेस्ट कचरा यानि कार्यक्रमों में जो हम डिस्पोजल बर्तनों का उपयोग करते हैं, वह स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण को भी बेहद नुकसान दायक है, इसीलिए डिस्पोजल के स्थान पर हम बर्तनों का उपयोग कर सकते हैं। इसके तहत कालोनीवासी मिलकर बर्तन बैंक खोल लें, जिसमें धातु के बर्तन जैसे गिलास, थाली, प्लेट, चम्मच आदि बर्तनों को रखें और जिस घर में कोई कार्यक्रम हो वह उसे ले जाए और उपयोग पश्चात उसे वापस कर दें। ऐसा वर्तमान में सनराइज कालोनी के निवासियों द्वारा किया जा रहा है। इस कारण यह कालोनी जीरो बेस्ट का उदाहरण बन गई है। सभी कालोनीवासी संकल्प लें कि उन्हें अपनी कालोनियों को जीरो बेस्ट कालोनी बनाना है, तो यह असंभव कार्य नहीं है। इस पर बिल्डर्स एसोसियेशन ने आश्वासन दिया कि कालोनी को जीरो बेस्ट बनाने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने छोटे-बड़े कार्यक्रमों में डिस्पोजल के स्थान पर धातु के बर्तनों का उपयोग करने की भी बात कही।
Posted By: Nai Dunia News Network