सीहोर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखा जा रहा है। तापमान में उतार चढ़ाव बना हुआ है। रात के तापमान में गिरावट आने के कारण से ठंड में इजाफा हो रहा है। वहीं फसलों को बचाने के लिए किसानों को उचित सलाह दी गई है। वहीं जिले के रहवासियों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी रहेगा। सुबह कोहरा छाया रहा। दोपहर के समय हल्की धूप निकली।
सीहोर। जिले के तापमान में बार बार बदलाव देखा जा रहा है। बीते दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं आसमान पर हल्के बादल छाये रहे, आगामी दिनों में आसमान पर बादल छाये रहेंगे। तो वहीं तापमान में आ रहे उतार चढाव के कारण से मौसमी बीमारियों में भी इजाफा हो रहा है, खास कर सर्दी जुकाम के मरीज सबसे अधिक सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों से बचाव की सलाह दी है। वहीं बीते तीन दिनों से तापमान में लगातार गिरावट जारी है। रविवार को तापमान अधिकतम 21 डिग्री व न्यूतम 9 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन शीत लहर का प्रकोप जारी है।
छाया रहा कोहरा
शीत लहर और कोहरे के कारण जिले भर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। रविवार को हालात यह रहे की सुबह आसमान पर घना कोहरा छाया रहा। दोपहर के समय ही हल्की धूप निकली। वहीं तापमान में गिरावट होने के कारण से दिन भर शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। इस कारण से दिन के समय भी लोग गर्म कपड़े पहने हुए नजर आए।
फसलों पर प्रभाव
बीते दिनों से लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी के कारण से फसलों पर विपरीत असर का अंदेशा बना हुआ है। किसानों का कहना है कि इस समय चने की फसल में घेंटियां लग चुकी हैं। यदि तापमान और गिरता है तो फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, इससे किसानों को नुकसान होगा। वहीं इन दिनों पड़ रहे कोहरे के कारण से सुबह के समय वाहन चलाने में वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
Posted By: Nai Dunia News Network