Republic Day 2023: सिवनी। 74 वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह मुख्यालय के फुटबाल स्टेडियम मैदान में हर्षोल्लास व गौरवपूर्ण रूप से मनाया गया। गणतंत्र दिवस पर पहली बार नवाचार करते हुए प्रशासन की प्रमुख कड़ी के रूप में काम करने वाले मैदानी कर्मचारी कोटवारों ने परेड में शामिल होकर कदम ताल मिलाई। परेड में इस बार जिला रेडक्रास और जन अभियान परिषद के शौर्य दल को भी प्रमुख रूप से शामिल किया गया। साथ ही विभागीय झांकियों में आनंद विभाग की झांकी को भी शामिल किया गया।
मुख्य समारोह में लोगों ने बड़ी संख्या में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दर्शकों से पूरा स्टेडियम मैदान खचाखच भर गया। दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और निष्ठा देखने को मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक देश भक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आदिवासी महामानव बिरसा मुंडा के बलिदान के साथ ही भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और शहादत को बहुत ही सुंदर तरीके से कार्यक्रमों के जरिए प्रस्तुत किया गया। आदिवासी, छत्तीसगढ़ी नृत्य के साथ ही मां भारती पर आधारित नृत्य कार्यक्रमों ने उपस्थितजनों का मनमोह लिया।
Republic Day 2023: सिवनी में गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बिखेरा देश भक्ति का रंग https://t.co/UtoH1irJOG#RepublicDay #Seoni #MadhyaPradesh #MPNews pic.twitter.com/KWSCynQTHt
— NaiDunia (@Nai_Dunia) January 26, 2023
कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी
समारोह के प्रारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर डा. राहुल हरिदास फटिंग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद कलेक्टर डा. फटिंग ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश वाचन के बाद कलेक्टर फटिंग ने हर्ष के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए तथा जिलेवासियों का अभिवादन स्वीकार किया गया। जिलास्तरीय कार्यक्रम में सांसद डा. ढालसिंह बिसेन, विधायक सिवनी दिनेश राय, विधायक केवलारी राकेश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया, जनपद अध्यक्ष किरण मरावी, नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष आलोक दुबे, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी सहित जिले के अन्य गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारियों, नगरवासियो तथा स्कूली छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
शौर्य दल, रेड क्रास विंग भी परेड में हुए शामिल
कार्यक्रम में परेड कमांडर सुनील नागवंशी के नेतृत्व में विशेष सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, होमगार्ड बल, वन विभाग एवं एनसीसी, स्काउट गाइड, शौर्य दल, रेड क्रास तथा ग्राम कोटवार के प्लाटून दल ने पुलिस बैंड की मनमोहक धुन में मार्चपास्ट का प्रस्तुतिकरण किया। मार्चपास्ट की शस्त्र श्रेणी में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल सिवनी, द्वितीय स्थान होम गार्ड को तथा अशस्त्र श्रेणी में प्रथम एनसीसी सीनियर डिविजन तथा द्वितीय वन विभाग के दल को एवं स्काउट गाईड में प्रथम एमएलबी स्कूल सिवनी, द्वितीय मठ मंदिर कन्या शाला सिवनी तथा महात्मा गांधी स्कूल, इसी तरह अन्य श्रेणी में प्रथम स्थान पर नगर रक्षा समिति, द्वितीय शौर्य दल तथा तृतीय स्थान में रेड क्रॉस का दल रहा। सभी को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कृषि विभाग को मिला प्रथम पुरस्कार
कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर केंद्रित सुंदर सचित्र झांकियों को प्रस्तुत किया गया। जिसमें प्राकृतिक खेती के महत्व को बताती कृषि विभाग की झांकी को प्रथम स्थान दिया गया तथा द्वितीय स्थान पर परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा पर केंद्रित झांकी रही तथा तृतीय स्थान पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को प्रस्तुत करती नगर पालिका सिवनी की झांकी रही। कार्यक्रम में शासकीय-अशासकीय स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत गीतों पर प्रस्तुत सामूहिक नृत्य कार्यक्रमों ने संपूर्ण वातावरण को देश भक्ति के रंग में रंग दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पुरूस्कार श्रेणी में प्रथम स्थान कन्या शिक्षा परिसर कुरई, द्वितीय स्थान पर उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी तथा तृतीय स्थान पर इंटर नेशनल पब्लिक स्कूल रहे। गणतंत्र दिवस समारोह में शासकीय सेवा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 170 अधिकारी- कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मध्यान्ह भोजन में सहभागी बने जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी
गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व कलेक्टर डा. राहुल हरिदास फटिंग सहित सांसद डा. ढालसिंह बिसेन, विधायक दिनेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पार्थ जैसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों ने शासकीय माध्यमिक शाला बंडोल पहुंचकर बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इस दौरान कलेक्टर डा. फटिंग एवं जन प्रतिनिधियों ने बच्चों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
लोकतंत्र सैनानियों को उनके घरों में जाकर किया गया सम्मानित
गणतंत्र दिवस पर जिला प्रशासन ने जिले के लोकतंत्र सैनानियों को उनके घरों में जाकर शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। साथ ही सिवनी नगरीय क्षेत्र में पुस्तकालय परिसर में लोकतंत्र सैनानियों का सम्मान समारोह आयोजित कर सभी को सम्मानित किया गया।
Posted By: Prashant Pandey
- Font Size
- Close