seoni News : सिवनी (नई दुनिया प्रतिनिधि)। मोटा अनाज हमारे खानपान का मुख्य आधार था, जो कम पानी लेता था, जैविक होता था तथा जिसकी उम्र ज्यादा होती थी।21वीं सदी के भारत को ये बहुत बड़ा अवसर मिला है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप हमारा खानपान, हमारी कृषि प्रणाली व हमारी चिकित्सा प्रणाली को स्वत: दुनिया स्वीकार कर रही है। यह बात केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने जिले के अल्प प्रवास के दौरान भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।केंद्रीय मंत्री पटेल विवाह समारोह में शामिल होने सिवनी पहुंचे।इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे क्षेत्र के लिए मोटा अनाज उत्पादन वरदान था परंतु इसके प्रति उपेक्षा का भाव निर्मित करने का षडयंत्र चला और किसानों ने अपने उत्पादों में परिवर्तन कर दिया।मोटा अनाज बीमारियों से बचाने में सहायक है और इसमें कीटनाशक खाद के उपयोग की आवश्यकता नहीं होती साथ ही कम पानी वाली फसले है उसको प्रोत्साहित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित होगा। केंद्र सरकार की पहल पर इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय मिलेट (मोटा अनाज) इयर मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अनेक कार्यक्रम आयोजिक हो रहे है।
केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा कि मिलेट इयर के दौरान आजादी के बाद पहली बार जी20 की अध्यक्षता मिली है।देश के 90 स्थानों पर जी20 की बैठक होनी है। प्रधानमंत्री ने घोषित किया है कि इस बैठक के दौरान मिलेट (मोटे अनाज) से बना नाश्ता परोसा जाएगा।उन्होंने कहा कि उनके पसंदीदा खाद्य को मोटे अनाज से बनाने हमने रिसर्च की। होटल उद्योग, आईएचएम संस्थान सब तैयार हैं।उन्होंने कहा कि दुनिया जिस स्वाद में लेना चाहती है यदि हम वैसा देंगे तो हम बड़े निर्यातक होंगे।
उन्होंने कहा कि सिवनी, डिंडोरी, मंडला जिले में मोटा अनाज पैदा होता है।उन्होंने कहा कि यदि किसानों को उनके मोटे अनाज का घर बैठे उचित मूल्य मिलेगा तो वो केश क्राप की ओर नहीं जाएंगे।पटेल ने मोटे अनाज के प्रोत्साहन के साथ पानी के उपयोग के प्रति सचेत करते हुए कहा कि पानी का कम से कम अपव्यय किया जाना चाहिए इसका बेहतर उपयोग करने के साथ इसकी अधिकतक उपयोगिता को सार्थकता प्रदान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। पटेल ने राजनीति में स्पष्टवादिता और शुचिता पर जोर दिया उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान किया और कहा कि पार्टी में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे ने केंद्रीय मंत्री पटेल द्वारा सिवनी के लिये स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की और हमेशा सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।सांसद डा. ढालसिंह बिसेन, विधायक दिनेश राय मुनमुन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, पूर्व जिलाध्यक्ष वेदसिंह ठाकुर, कीरत सिंह बघेल, सुजीत जैन, प्रेम तिवारी, पूर्व जिला पचायत अध्यक्ष मीना बिसेन, भाजपा के महामंत्री जयदीप सिंह चौहान, गजानंद पंचेश्वर अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Posted By: Jitendra Richhariya
- Font Size
- Close