Shahdol News :शहडोल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। हिंदू संस्कृति के सबसे पवित्र ग्रंथ रामचरित मानस को अपने जीवन में महत्वपूर्ण स्थान देते हुए शहडोल के कुछ लोग इस सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक बनकर घर-घर में इसका संगीतमयी पाठ कर इस पवित्र ग्रंथ की महिमा को बढ़ाने में लगे हुए हैं। इनके मुख से रामचरित मानस का पाठ सुनकर लोग आनंद में डूब जाते हैं और शुभ कार्य को पूरा हुआ मानते हैं।

शहडोल जिला मुख्यालय में पंद्रह साल पहले पहाड़िया गांव के कुछ युवाओं ने सुर संगम नाम से ग्रुप बनाया था जो आज पूरे जिले में ही नहीं जिले की सीमा से बाहर भी अपनी पहचान बना चुका है। जब भी किसी के घर शुभ कार्य होता है तो लोग इस सुर संगम रामायण मंडली को बुलाकर रामचरित मानस का पाठ कराते हैं। इस ग्रुप में दो लोग सरकारी नौकरी भी करते हैं जो शाम सात बजे से रात 11 बजे तक संगीत की सुंदर लहरियां छेड़ते हैं। इसके बाद ग्रुप के अन्य सदस्य अखंड मानस पाठ का गायन करते हैं।

दस लोगों का समूह बनाकर शुरू किया गायन

सुर संगम रामायण मंडली के मुखिया शिव प्रसाद सिंह पेशे से सरकारी शिक्षक हैं इनके द्वारा सन 2008 में रामायण मंडली तैयार की गई थी। इनके साथ कमिश्नरी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भैयालाल बर्मन भी हैं जो इस अच्छे काम में शुरू से ही सहयोगी बने हैं।यह लोग शाम को अपनी डयूटी पूरी करने के बाद शाम सात बजे रात 12 बजे तक रामायण का गायन करते हैं इसके बाद मंडली के सदस्य अंकुश यादव,राजेश, सूरज यादव, मुकेश, मनीष, सागर यादव, गोपाल वर्मा आगे की गायन सेवा को संभाले रहते हैं।यह रामायण भजन मंडली आज पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध हो गई है।

जिले में तकरीबन 22 मंडली हैं सक्रिय

रसमोहनी के जितेंद्र तिवारी बताते हैं कि जिले में रामचरित मानस पाठ व भजन गायन मंडली की संख्या 22 के आसपास है। जिला मुख्यालय में ही तकरीबन सात से आठ मंडली रामचरित मानस का पाठ कर लोगों की आस्था को मजबूत करने का काम कर रही हैं। शहडोल आदिवासी बाहुल्य जिला है लेकिन राम से जुड़ाव सभी का है।रामायण मंडलियां लगातार राम महिमा का गायन का संत तुलसीदास द्वारा लिखित राम चरित मानस का गायन कर सनातन संस्कृति को मजबूत करने का प्रयत्न कर रही हैं। इनको जो आय होती है उससे इनके साज बाज व आवागमन में होने वाला खर्च वहन हो जाता है। इसके साथ ही मंडली में कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके पास रोजगार नहीं हैं उनको अपने परिवार के लिए दो वक्त की रोटी की भी व्यवस्था हो जाती है।

Posted By: Dheeraj Bajpaih

Mp
Mp
 
google News
google News