शहडोल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के देवलोद बाणसागर थाना क्षेत्र में चंडी माता मंदिर के पास शनिवार की रात शहडोल - रीवा मुख्य मार्ग पर ब्योहारी की ओर से आ जा रही एक मोटरसाइकिल पुलिया से नीचे गिर गई जिसमें सवार दोनों युवकों की मौत हो गई है। तेज गति होने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित हुई और सीधे पुलिया में जा गिरी है। दोनों सवारों को गंभीर हालत में पुलिस बाणसागर के सरकारी अस्पताल में लेकर गई। प्राथमिक उपचार शुरू किया गया लेकिन तब तक दोनों की जान चली गई। मृतकों में सुनील कुशवाहा (21) पुत्र रामप्रसाद कुशवाहा निवासी ग्राम चचाई थाना देवलोद और शिवबहोर कुशवाहा (24) पुत्र रामआश्रय कुशवाहा निवासी करहिया थाना रामनगर शामिल है। दोनों नजदीकी रिश्तेदार थे और सतना जा रहे थे। दोनों मृतको का शव चीरघर बाणसागर अस्पताल में रखवाया गया है। पीएम पंचनामा कार्रवाई रविवार को होगी। बाणसागर थाना प्रभारी कलीराम सिंह ने बताया कि घटना थाना से कुछ दूर पहले ही हुई है। सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था और घायलों को अस्पताल ले आया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मोटरसाइकिल काफी तेज रफ्तार से थी और उसी के कारण स़ड़क के किनारे पुलिया में गिर गई। मृतक युवकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है और उनके यहां आने के बाद रविवार की सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई करने के बाद शव सौंप दिया जाएगा। हाथी मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की को स्वजन रात में ही बाणसागर पहुंच गए थे।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close