शाजापुर। शहर के ट्रेफिक पाइंट, धौबी चौराहा, टंकी चौराहा और दुपाड़ा तिराहे पर यातायात संकेतक लगा दिए हैं। जल्द ही इनका संचालन प्रारंभ किए जाने की बात अधिकारी कह रहे हैं। संभावना है कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से संचालन प्रारंभ कर दिया जाए। किंतु अभी कुछ छोटे कार्य शेष रहे हैं। 26 जनवरी तक यह कार्य पूरे हो गए तो गणतंत्र दिवस से संकेतकों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। अन्यथा कुछ दिन और इंतजार करना होगा। संकेतकों से चार स्थानों पर यातायात संचालन होने से वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही लोग यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक होंगे।

कई वर्षों से शहर के इन मुख्य चौराहों पर यातायात संकेतक लगाने की कवायद की जा रही थी। किंतु किन्ही कारणों से संकेतक नही लग सके। दो वर्ष पहले भी संकेतक लगाने के लिए पूरी तैयारी हो गई थी। किंतु उसी समय कोरोना संक्रमण की समस्या आ गई और लाकडाउन के कारण काम प्रारंभ नही हो पाया। अब हालात सामान्य होने के बाद संकेतक लगाने का काम प्रारंभ हुआ। गत दिवस चारों स्थानों पर पोल लगाकर यातायात संकेतक लगा दिए गए। हालांकि अभी इनका परीक्षण किया जाना है। साथ ही रोड पर भी आयल पेंट से पट्टी आदि डालनी है। जल्द ही परीक्षण किए जाने की बात जिम्मेदार कह रहे हैं। नगर पालिका और यातायात विभाग का कहना है कि गणतंत्र दिवस से यातायात संकेतकों का संचालन प्रारंभ करने को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिससे राष्ट्रीय पर्व के मौके पर शहर

को एक नई सौगात मिल सके।

करीब ड़ेढ़ माह से चल रही कवायद

यातायात संकेतक लगाने की कवायद करीब ड़ेढ़ महिने पहले शुरू हुई थी। जो अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। पोल पर संकेतक लग गए हैं। अब सिर्फ रोड पर आयल पेंट की पट्टी आदि डालने का कार्य बचा है। जब यातायात संकेतक लगाने का कार्य प्रारंभ हुआ था। उस समय नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र दिक्षित का कहना था कि नए साल तक यातायात संकेतक लगा दिए जाएंगे और यह काम करना प्रारंभ कर देंगे। किंतु काम की धीमी रफ्तार के कारण नए साल यानि जनवरी माह की शुरूआत तक काम पूरा नही हो सका। अब जनवरी के अंत तक संचालन प्रारंभ करने का प्रयास किया जा रहा है।

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp