श्योपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शनिवार 25 जून को होगा। प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली हैं। उधर विजयपुर में निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों ने उन्हें श्योपुर मुख्यालय तक पहुंचने के लिए साधन मुहैया नहीं कराने का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के कर्मचारियों की ड्यूटी श्योपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर लगाई हैं। इसके लिए प्रशासन ने गुरूवार को कर्मचारियों को सामाग्री देकर रवाना तो कर दिया, लेकिन कर्मचारियों को श्योपुर तक पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं कराए। प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश में प्रशासन उन्हें वाहन सुविधा मुहैया कराए यह नहीं लिखा हैं। कर्मचारी अपनी सुविधा से मुख्यालय पहुंचे। उधर कर्मचारियों का कहना है कि वह अपने पैसे खर्च कर किराए से जिला मुख्यालय पहुंचने को तैयार हैं, लेकिन प्रशासन ने सभी वाहनों का अधिग्रहण कर लिया हैं, इससे हमें श्योपुर तक जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा हैं। बिना वाहन के वह श्योपुर कैसे जाए।
बॉक्सः
कलेक्टर ने निरीक्षण कर देखी मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था
कलेक्टर शिवम ने गुरुवार को शासकीय पालीटेक्निक कालेज पहुंचकर मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा जिया। साथ ही रिटर्निंग आफीसर पंचायत निर्वाचन संजय जैन को मतदान दलों के लिए छाया, पानी एवं प्रकाश की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मतदान सामग्री वितरण स्थल सामग्री वितरण के लिए बनाए गए गए तीनो ब्लाक का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि मुख्य द्वार पर पूछताछ काउंटर बनाया जाए एवं किस मतदान दल को किस ब्लाक में सामग्री प्रदाय की जाएगी, इसका डिस्प्ले किया जाए। उन्होने कहा कि स्थल पर मतदान दलों के लिए छाया, पानी एवं प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान के लिए मतदान सामग्री का वितरण 24 जून को सुबह 07 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर टीएन सिंह, एसडीएम लोकेन्द्र सरल, डिप्टी कलेक्टर मनोज गढ़वाल, संजय जैन, नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुशवाह एवं सिद्धार्थ भारतेन्दु गौतम आदि उपस्थित थे।
Posted By: Nai Dunia News Network