Sheopur News: श्योपुर . नईदुनिया प्रतिनिधि। जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सुबह से आसमान में बादलों ने अपना डेरा जमाए रखा, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने 18 मार्च तक जिले सहित आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश की उम्मीद जताई है।
फसल की कटाई में जुटे किसान
बिगड़े मौसम ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। किसान फसलों की कटाई करने में खेतों में जुट गए हैं। दिनभर आसमान पर बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बता दें कि जिले में पिछले सप्ताह विजयपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसान नुकसान उठा चुके हैं और फिर एक बार बिगड़े मौसम के चलते किसान काफी परेशान हैं। जिले में लगभग 80 प्रतिशत से अधिक किसानों की गेहूं की फसल खेत मे खड़ी हुई है। यहां तक सरसों की फसल खेत में कटी पड़ी है। जिले में रबी फसलें खेतों में लहलहा रही है। बादल छाने से किसान परेशान हैं, क्योंकि मौसम ज्यादा बिगड़ा तो फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। मौसम विभाग ने अभी कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। इस बार 1 लाख 68 हजार हेक्टेयर में रबी फसलों की बोवनी हुई है, जिसमें 96 फीसदी रकबा (1 लाख 65 हजार हेक्टेयर) तो गेहूं, सरसों और चना का ही है।
75 हजार हेक्टेयर में खड़ी है गेहूं की फसल
जिले में रबी फसलों में सबसे ज्यादा रकबा गेहूं की फसल का है। 75 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बोवनी हुई थी। यही नहीं मौसम की अनुकूलता से गेहूं की फसल अच्छी है। सरसों की फसल का रिकार्ड रकबा है और 60 हजार 154 हेक्टेयर में सरसों की फसल है। वर्तमान में सरसों की फसल कट रही है, कई खेतों में फसल कटी पड़ी हुई है। चना की, जिसकी भी ग्रोथ जिले में बेहतर है। जिले में इस बार 30 हजार हेक्टेयर में चना की फसल खड़ी है।
Posted By: Nai Dunia News Network