Bharat Jodo Yatra: उज्जैन, नईदुनिया प्रतिनिधि। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज विश्राम पर है। आगर रोड पर सांदीपनि इंस्टीट्यूट में यात्रा करने वाले ठहरे हुए हैं। राहुल गांधी कहां हैं, यह बताने को स्थानीय नेता तैयार नहीं। सबका यही कहना है कि हमें नहीं पता। हालांकि सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी एक दिन के लिए गुजरात रवाना हो गए हैं। वे गुरुवार सुबह उज्जैन आएंगे और यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
बता दें कि राहुल गांधी की यात्रा मंगलवार सुबह उज्जैन पहुंची थी। राहुल ने निनौरा में सुबह के ठहराव के बाद जैन संत आचार्य प्रज्ञासागर जी से आशीर्वाद लिया था। इसके बाद राहुल महाकाल मंदिर गए थे और वहां पूजन अर्चन के बाद आगर रोड स्थित सामाजिक न्याय परिसर में सभा को संबोधित किया था। मजदूर, किसान, युवा और छोटे व्यापारियों पर केंद्रित राहुल के भाषण ने केंद्र सरकार को घेरा था। सभा के बाद राहुल रात्रि विश्राम के लिए गए थे।
नेता कह रहे- रात तक तो यहीं थे
राहुल गांधी से मिलने के लिए स्थानीय सहित बाहर से भी उनके समर्थक उज्जैन पहुंचे हैं। हालांकि राहुल को लेकर स्थानीय नेता कुछ भी कहने से बच रहे हैं। विधायक राम लाल मालवीय ने कहा कि राहुल कल आगर की ओर जाएंगे। अभी वे कहां हैं, उन्हें भी नहीं पता। रात तक यहीं थे। इधर पार्टी से कुछ पदाधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वे गुजरात निकल गए हैं। गुरुवार को फिर लौटकर यात्रा आगर की ओर लेे जाएंगे। इस दौरान वे नजरपुर, घट्टिया और घोंसला होते हुए आगर जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे।
Posted By: Sameer Deshpande
- Font Size
- Close