उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। दुनिया का पहला पौराणिक फिल्मों पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय समारोह शुक्रवार से उज्जैन के विक्रम कीर्ति मंदिर सभागार में होगा। शुभारंभ सुबह 10 बजे पेरू एबेंसी के राजदूत एचई जेवियर मैन्यूअल पालिनिच वेलार्डे और वहीं के फर्स्ट सेक्रेटरी फाबियो सुबिया डियाज करेंगे।

महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के विक्रमोत्सव अंतर्गत होने वाले इस समारोह में 17 से 21 मार्च तक देश- दुनिया की 75 बेहतरीन फिल्मों का प्रदर्शन एलइडी स्क्रीन पर किया जाएगा।

सभी फिल्में पौराणिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, वैदिक ज्ञान, विज्ञान और संस्कृति पर केंद्रित होंगी। शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि पौराणिक फिल्मों पर केन्द्रित यह आयोजन दुनिया में पहली बार हो रहा है।

समारोह में भारत समेत पेरू, इंडोनेशिया, लिथुआनिया, कम्बोडिया, वेनेजुएला, जापान, पुर्तगाल, इसरायल, क्यूबा, नीदरलैंड, लिसोथो व ट्यूनिशिया की फिल्में जो भारतीय व अन्य विदेशी भाषाओं (हिन्दी, अंग्रेजी, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, राजस्थानी, मराठी, स्पेनिश) में निर्मित है उन्हें प्रदर्शित किया जाएगा।

रोजाना सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक फिल्मे दिखाई जाएंगीं। प्रत्येक दिन 10 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। विदेशी फिल्में इंग्लिश सबटाइटल वर्जन के साथ दिखाई जाएंगीं।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close