Mahakal Temple : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। महाकाल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सुरक्षाकर्मियों व कर्मचारियों द्वारा लगातार अभद्रता व मारपीट की जा रही है। रविवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से आए श्रद्धालुओं को मंदिर के सुरक्षा गार्डों ने पीट दिया। इसके बाद दोनों पक्ष महाकाल थाने पहुंचे थे। मंदिर में तीन दिन में मारपीट की यह दूसरी वारदात है।
टीआइ मुनेंद्र गौतम ने बताया कि हेमंत शिंदे निवासी कोल्हापुर रविवार को 25 सदस्यों के दल के साथ उज्जैन आए थे। शिंदे कोल्हापुर में महालक्ष्मी मंदिर के पुजारी हैं। वे अपने साथ कोल्हापुर से पूजन सामग्री लेकर महाकाल मंदिर आए थे। इसे महाकाल भगवान को अर्पित करना था।
दर्शन के लिए शिंदे तथा अन्य लोग लाइन में लगे हुए थे। इस दौरान सुरक्षकार्मियों ने कुछ लोगों को अंदर जाने दिया और शिंदे आदि को रोक लिया।
इस पर शिंदे ने आपत्ति जताई तो सुरक्षाकर्मियों से उनका विवाद हो गया। इसके बाद कर्मचारियों ने शिंदे व उसके साथियों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में शिंदे को चोट लगी थी। सूचना पर पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची थी। यहां सुरक्षकर्मियों ने श्रद्धालुओं से माफी मांग ली थी। इसके बाद दर्शनार्थियों ने भी शिकायत दर्ज नहीं कराई।
दो दिन में तीसरी वारदात
महाकाल मंदिर के कुछ कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करने के साथ ही मारपीट कर रहे हैं। दो दिन पूर्व श्री महाकाल महालोक में ई-कार्ट में बैठने की बात को लेकर श्रद्धालुओं के साथ चालक व उसके साथियों ने मारपीट की थी। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। मंदिर समिति के अधिकारियों का कहना है कि वे तीनों मामलों की जांच कर रहे हैं। कार्रवाई की जाएगी।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay