उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को उज्जैन में प्रारंभ हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संगठन पदाधिकारियों और विधायकों को पार्टी की रीति-नीति, आचार-व्यवहार और शुचितापूर्ण जीवन का पाठ तो पढ़ाया ही, साथ ही आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए सभी दिग्गज नेताओं ने एक ही सीख दी कि विधायक विनम्र बनें। कार्यकर्ता हो या जनता पूरी विनम्रता के साथ उनकी बात सुनें और फिर जवाब दें। आचार-व्यवहार भी ऐसा रखें कि समाज में उन्हें एक आदर्श जनप्रतिनिधिका दर्जा हासिल हो।
कार्यकर्ता को सम्मान देने की बात हर बड़े नेता ने कही। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने की। इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया और पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रशिक्षण वर्ग में कहा कि भाजपा अंधकार में प्रकाश फैलाने के लिए दीपक की भूमिका निभाने वाला दल है। पार्टी रूपी दीपक के प्रकाश को बढ़ाने और उसे हवाओं से बचाने के लिए जो कांच लगाया जाता है, वह भाजपा का कार्यकर्ता है। जिस प्रकार कांच को बार-बार साफ करना पड़ता है, ठीक उसी प्रकार से प्रशिक्षण वर्गों में कांच रूपी कार्यकर्ता को प्रशिक्षित कर उसे प्रामाणिकता के साथ काम करने के लिए तैयार किया जाता है। भाजपा का कार्यकर्ता बड़े लक्ष्य के लिए बना है, इसलिए विधायकों को ध्यान रखना चाहिए कि जो कार्यकर्ता विचार के लिए लड़ता है, आपको विधायक बनाने के लिए संघर्ष करता है, उसके प्रति स्नेह और सम्मान में कोई कमी न आए।
उद्घाटन सत्र में विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि हमारा समन्वय और विचारधारा ही भाजपा की सफलता का आधार है। इसे स्थायित्व देने के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाता है। सामूहिक समन्वय का अर्थ है कि अपनी सरकारों के काम को समाज तक ले जाएं, कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान करें। हमारे कारण समाज में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देगा तो ही यह माना जाएगा कि हमारी भी कोई भूमिका है। प्रतिकूलता (जब विपक्ष में हों) में तो संघर्ष से आगे बढ़ा जा सकता है, लेकिन अनुकूलता (सत्ता पक्ष में हों) में हमारे कारण प्रतिकूलता (विपरीत स्थितियां) खड़ी न हों, इसके लिए विनम्रता की आवश्यकता है। इसे अपने आचरण में अनिवार्य रूप से शामिल करें।
मंत्री कम से कम चार घंटे का समय कार्यकर्ताओं के लिए निकालें प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सभी मंत्रियों को सप्ताह या महीने में कम से कम चार घंटे का समय कार्यकर्ताओं के लिए सुनिश्चित करना चाहिए। आपको यह सोचना होगा कि कार्यकर्ताओं ने ही आपको इस मुकाम पर पहुंचाया है। भाजपा एक विचारधारा को लेकर चलने वाला दल है, जो जनसंघ, जनता पार्टी और भाजपा के रूप में सामने है। यह राष्ट्रवाद की बात को प्रखरता के साथ रखता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की नई परिभाषा गढ़ी गई है। ऐसे प्रशिक्षण वर्ग हर छह महीने में होना चाहिए।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
- #MP BJP Meeting in Ujjain
- #madhya pradesh bjp
- #mp bjp
- #ujjain news
- #madhya pradesh news
- #shivraj singh chouhan
- #vd sharma