Municipal Corporation Election 2022: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अगले माह जून में नगर निगम के चुनाव हुए तो 4,61,103 मतदाता अपनी नगर सरकार चुनेंगे। इन्हीं के हाथ प्रत्याशियों के हार-जीत की चाबी होगी। बीते सात वर्षों में नगर निगम सीमा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 15.99 फीसद बढ़ गई है। संख्यात्मक रूप से ये बढ़त 3,97,526 से बढ़कर 4,61,103 हो गई है। इनमें महिलाओं की संख्या दो लाख 30177, पुरुषों की संख्या दो लाख 30879 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 47 सम्मिलित है। ये आंकड़े 25 अप्रैल को प्रकाशित फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची के हैं। जानकारी के अनुसार 18-19 वर्ष की आयु वाले 4316 युवाओं ने पहली बार वोटिंग का अधिकार पाया है।
बता दें कि पिछली बार निगम के चुनाव 12 अगस्त 2015 को हुए थे। महापौर के रूप में मीना जोनवाल चुनीं गई थीं। निगम में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बना था। तब मतदाताओं की संख्या 397526 थी। तब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा निर्वाचन आयोग ने मतदान की तारीख से तीन सप्ताह पहले घोषित की थी। 3 सितंबर 2020 को नगर सरकार का कार्यकाल समाप्त हो गया था। कायदे से चुनाव इस तारीख के पहले हो जाना थे मगर ऐसा न हुआ। ओबीसी आरक्षण और फिर कोरोना लहर की वजह से छह-छह माह कर चुनाव कार्यक्रम टलता गया और लगभग दो साल गुजरने को आ गए। अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव कराने की तैयारी की है। इस सिलसिले में राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंतप्रताप सिंह उज्जैन सहित प्रदेशभर के कलेक्टरों को निर्देश दे चुके हैं। अगले सप्ताह चुनाव कार्यक्रम जारी होने का अनुमान है। सरकार, निकाय और पंचायत चुनाव में ओबीबी आरक्षण लागू कराना चाहती है और इसके लिए वह सुप्रीम कोर्ट में संशोधन याचिका भी दायर कर चुकी है। याचिका पर सुनवाई अगले सप्ताह होना है।
उम्रवार जानिए मतदाताओं की संख्या
उम्र मतदाता
18 से 19 वर्ष 4316
20 से 30 वर्ष 89653
30 से 39 वर्ष 123504
40 से 49 वर्ष 97921
50 से 59 वर्ष 70792
60 से 69 वर्ष 44241
70 से 79 वर्ष 22268
80 वर्ष से अधिक 8408
(स्रोत : जिला निर्वाचन कार्यालय)
566 केंद्रों पर होगा मतदानः इस बार उज्जैन नगर निगम के चुनाव में मतदान 566 केंद्रों पर होना तय हुआ है। युक्तियुक्तकरण के बाद मतदान केंद्रों की संख्या 461 से बढ़कर 566 हो गई है। यानी 105 मतदान केंद्र इस बार अधिक चिन्हित किए गए हैं।
अन्य 7 निकाय और पंचायत चुनाव कराने को भी मतदाता सूची प्रकाशितः जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के अन्य 7 निकाय, बड़नगर नगर पालिका, खाचरौद नगर पालिका, महिदपुर नगर पालिका, नागदा नगर पालिका, माकड़ौन नगर परिषद, तराना नगर परिषद, उन्हेल नगर परिषद की मतदाता सूची का प्रकाशन भी कर दिया है। कुल मतदाताओं की संख्या बड़नगर में 29439, खाचरौद में 27630, महिदपुर में 24349, नागदा में 77225, तराना में 21798, माकड़ोन में 9552, उन्हेल में 11448 है। पंचायत चुनाव के लिए भी मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8,96,605 है। इनमें महिलाओं की संख्या 4,40,131 और पुरुषों की संख्या 4,56,449 है।
Posted By: Nai Dunia News Network