Social Media Conclave in Ujjian उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। विक्रम कीर्ति मंदिर में भारत नीति द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेशनलिस्ट सोशल मीडिया कानक्लेव का समापन रविवार को हो गया। मंचीय उद्बोधन में भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राम राज्य की परिकल्पना को वर्तमान समय के परिदृश्य में समझाया। उन्होंने बताया कैसे इंटरनेट मीडिया ने 2014 के बाद भारत और इंडिया के बीच का डिजिटल डिवाइड खत्म किया। उन्होंने बताया कैसे टेक्नोलाजी से पारदर्शिता, शुद्धता एवं दक्षता आई है। कहा कि चौथी औद्योगिक क्रांति टेक्नोलाजी से ही आएगी और हमारा देश उसका नेतृत्व करेगा।
झूठा इतिहास बताकर भ्रम में उलझाकर रखा गया
भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भारत में विविधता अनेक रही है फिर भी भारत एक रहा क्योंकि हमारी परिकल्पना संस्कृति इकाई पर आधारित रही है। अगर हम अपने राष्ट्र की इस अवधारणा को समझ लेंगे तो निश्चित रूप से इंटरनेट मीडिया का उपयोग राष्ट्रहित में कैसे करना है ये समझ लेंगे। अध्यक्षता भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने की। उन्होंने उपस्थित इनफ्लूएंसर्स को बताया कैसे स्वतंत्रता के बाद से हमें अपना झूठा इतिहास बताकर भ्रम जाल में उलझाकर रखा गया है, एवं उससे बाहर आने में इंटरनेट मीडिया की भूमिका क्या रहेगी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया का उपयोग सार्थकता के लिए हो, ना कि व्यक्तिगत सफलता हेतु।
निजी हित त्यागने होंगे
हितानंद शर्मा जी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हमारी अभिलाषा देश हित में होना चाहिए और सर्व हित में अपने निजी हित त्यागने होंगे। कू एप संस्थापक अप्रमेय ने राम राज्य इनेबलिंग गुड गवर्नेंस थ्रू इंटरनेट मीडिया पर विमर्श किया। विमर्श में अप्रमेय ने बताया कैसे उन्होंने कू एप के माध्यम से भारतीय जनता को स्थानीय भाषा में वैश्विक एक्सपोजर देने का प्रयास किया है।
राष्ट्रीयता के विचारों को फैलाने का आग्रह
इंटरनेट मीडिया पर कानूनी सलाह के विषय पर प्रशांत पटेल ने जानकारी दी। टेलीविजन पत्रकार शुभांकर मिश्रा, इंटरनेट मीडिया इनफ्लूएंसर अंशुल सक्सेना एवं प्रख्यात ब्लागर एवं आथर शैफाली वैद्य का पैनल डिस्कशन भारतीय संस्कृति की सोशल मीडिया के माध्यम से पुनर्स्थापना के विषय पर हुआ। इसमें इन्होंने देश की संस्कृति एवं राष्ट्रीयता के विचारों को इंटरनेट मीडिया पर फैलाने का आग्रह किया।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close