उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला अस्पताल के पीछे स्थित होटल पर पोहे खा रहे अधेड़ पर अचानक श्वान ने हमला कर दिया और नाक पर काट लिया। इसी प्रकार बड़नगर के ग्राम पिठोरा में भी श्वान ने वृद्ध की नाक पर काट लिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुगलकिशोर पुत्र भूरेलाल उम्र 56 वर्ष निवासी दाहोद गुजरात उज्जैन में रहकर मजदूरी करता है। शुक्रवार सुबह वह अपने दोस्त अजय दुबे के साथ महाकालेश्वर मंदिर दर्शन करने गया था। मंदिर से पैदल घर लौटने के दौरान बहादुरगंज में जिला अस्पताल के पीछे होटल पर पोहे खाने रुक गया था। उसी दौरान श्वान ने जुगलकिशोर पर हमला कर दिया और उसकी नाक पर काट लिया। घायल जुगलकिशोर को दोस्त ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

बडनगर में भी हमला

इसी प्रकार जुम्मा खां उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम पिठोदा बडनगर गुरुवार शाम गाय को चारा डाल रहा था। तभी श्वान ने जुम्मा खां पर हमला किया और नाक पर काटकर घायल कर दिया। उपचार के लिए उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रोजाना 15 से 20 लोग पहुंच रहे अस्पताल

शहर में श्वानों का आंतक है। रोजाना उपचार के लिए जिला अस्पताल में 15 से 20 लोग पहुंच रहे हैं। जिन्हें रैबिज के इंजेक्शन भी लगाए जा रहे हैं। अस्पताल में इन दिनों इंजेक्शनों की कमी बनी हुई है। नए मरीजों के अलावा पुराने लोगों को भी इंजेक्शन लगाना पड़ते है। सप्लाय नहीं होने के कारण सीएमएचओ स्टोर व जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से इंजेक्शन मंगवाना पड़ते हैं।

Posted By: Prashant Pandey

Mp
Mp
 
google News
google News