Ujjain Crime News: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। पंवासा में एक बारात में नाच रहे युवकों की पसंदीदा गाने बजाने व आपस में टकराने की बात पर हुए विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक के भाई सहित दो अन्य दोस्तों को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। पंवासा पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं पांच अन्य की तलाश की जा रही है। बारात में युवक की हत्या से पंवासा में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि मक्सी रोड स्थित पंवासा में रहने वाले माखन नामक युवक की सोमवार रात को उसके घर से बारात निकली थी। बजरंग नगर निवासी सुनील पुत्र सिद्धार्थ प्रधान उम्र 22 वर्ष अपने भाई दीपक प्रधान, दोस्त अर्जुन और अभिषेक के साथ बारात में शामिल हुआ था।
बारात प्रताप नगर शराब दुकान के सामने पहुंची थी। यहां नाचने के दौरान बारात में कुछ युवकों से पसंदीदा गाना बजाने व टकराने की बात पर सुनील का विवाद हो गया। युवकों ने सुनील प्रधान के पेट में चाकू मार दिया। बीच-बचाव करने आए सुनील के भाई दीपक और दोस्त अर्जुन व अभिषेक पर भी चाकू से हमला कर दिया, इससे वह घायल हो गए। हमलावर वहां से फरार हो गए। बारात में चाकूबाजी से अफरा-तफरी मच गई। चारों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था। यहां इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। हत्या की जानकारी मिलते ही पंवासा पुलिस मौके पर पहुंची।
उद्योगपुरी में काम करता था सुनील
सुनील उद्योगपुरी में काम करता था और अविवाहित था। पुलिस ने सुनील की चाकू मारकर हत्या करने के आरोपित विशाल सरोलिया, राजा प्रजापत, सूरज वर्मा और अभिषेक बैरागी सभी निवासी छोटी मायापुरी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनके पांच अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने हिरासत में लिया है। चारों के अन्य साथी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है।
Posted By: Prashant Pandey