Ujjain District News: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। पुलिस की ड्यूटी और मां का फर्ज निभाने की मिसाल बड़नगर थाने में देखी जा सकती है। डेढ़ साल की पुत्री को अपने साथ थाने पर रखकर एक महिला एसआइ दोनों काम एक साथ कर रही है। पति भी पुलिस सेवा में होने के कारण बालाघाट में पदस्थ हैं। ऐसे में मां के साथ वह पिता का भी प्यार अपनी पुत्री को दे रही हैं।

वर्ष 2016 बैच की एसआइ प्रीति सिंह चौहान बड़नगर थाने में छह माह से पदस्थ हैं। चौहान थाने में महिला डेस्क की नोडल अधिकारी हैं। उनके पति दीपसिंह भी पुलिस विभाग में एसआइ के पद पर बालाघाट में पदस्थ हैं। चौहान की डेढ़ वर्षीय पुत्री प्रिशा है। ऐसे में खुद की ड्यूटी के साथ बेटी की देखभाल करने की जिम्मेदारी प्रीति बखूबी निभा रही हैं।

एसआइ प्रीति की थाने पर अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगती रहती है। वहीं, महिला संबंधित अपराधों के मामलों की जांच के लिए उन्हें थाने पर रहना पड़ता है।

इसके बावजूद डेढ़ साल की बिटिया प्रिशा का प्रीति सिंह पूरा ख्याल रखती हैं। वह बेटी को अपने साथ थाने पर लाती है। पुलिस व मां की जिम्मेदारी का ताल-मेल बैठाने में प्रीति सिंह को पुलिस अधिकारियों का भी सहयोग मिल रहा है।

ड्यूटी पर रहने के दौरान थाने में पदस्थ सभी पुलिसकर्मी एसआइ प्रीति सिंह की बच्ची का ध्यान भी रखने के साथ दुलार भी करते हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी एसआइ प्रीति की दोहरी जिम्मेदारी से काफी प्रभावित हैं। वह भी उनकी ड्यूटी को लेकर पूरा सहयोग करते रहते हैं। एसआइ प्रीति का कहना है कि वह अपनी दोहरी जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभा रही हैं।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp