Ujjain Homaguard News: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सावन मास में महाकाल दर्शन व शिप्रा नदी में स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उज्जैन पहुंच रहे है। सोमवार को होमगार्ड के जवानों ने रामघाट, सिद्ध आश्रम घाट व नृसिंह घाट पर डूबने से छह लोगों की जान बचाई।
होमगार्ड के जिला कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि शिप्रा नदी के मुख्य घाटों जैसे रामघाट, सिद्ध आश्रम घाट, नृसिंह घाट पर लोग नदी में स्नान करने के लिए पहुंच रहे हैं। सावन मास होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है। सुरक्षा को देखते हुए होमगार्ड ने गोताखोरों व नाव चालकों की ड्यूटी लगाई है। सोमवार सुबह छह बजे नृसिंह घाट पर दो युवक नदी में डूबने लगे थे। इस पर वहां मौजूद होमगार्ड के जवानों ने तत्काल उन्हें नदी से बाहर निकाल लिया था। एक युवक अजय निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश तथा दूसरा हरिश शर्मा निवासी प्रतापगढ़ का रहने वाला था। दूसरी घटना रामघाट के सिद्धाश्रम पर हुई थी। इंदौर से आए तीन युवक नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे। जिस पर जवानों ने उन्हें बाहर निकाल लिया था। तीसरी घटना में रामघाट पर चौकी के समीप एक लड़का नदी के किनारे अचानक बेहोश हो गया और गहरे पानीं में डूबने लगा था। होमगार्ड तैराकों ने तत्काल नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा था। होमगार्ड के जिला कमांडेंट जाट के अनुसार रामघाट पर पांच रेस्क्यू बोट तैनात की गई। इसके अलावा 30 से ज्यादा तैराक, नाविक व सुरक्षा दस्ते के जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close