Ujjain News : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। रामघाट पर स्नान के लिए शुक्रवार को महाराष्ट्र के शेरपुर से एक परिवार आया था। उस दौरान 15 वर्षीय किशोर शिप्रा नदी में नहाने के दौरान डूबने लगा। उसके पिता ने तैरना नहीं जानने के बावजूद पुत्र को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी थी। जिससे दोनों डूबने लगे तो घाट पर मौजूद तैराकों ने दोनों को नदी से बाहर निकाल लिया। इसी प्रकार तैराकों ने शुक्रवार को कुल छह लोगों को डूबने से बचाया।

शुक्रवार को अमावस होने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिप्रा नदी में स्नान करने के लिए पहुंचे थे। सुबह करीब छह बजे महाराष्ट्र के शेरपुर निवासी संजय राव अपने परिवार के साथ रामघाट पर शिप्रा नदी में नहाने आए थे। परिवार स्नान के बाद बाहर आ गया था, लेकिन राव का 15 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार नदी में ही नहाते हुए गहरे पानी में चला गया।

राव ने उसे डूबता देख तैरना नहीं आने के बाद भी नदी में छलांग लगा दी थी। इससे पिता-पुत्र दोनों नदी में डूबने लगे, उसी दौरान घाट पर मौजूद तैराक दल के ईश्वर चौधरी, रशीद खान, घनश्याम, जगदीश सोलंकी और दीपक ने शोर सुनकर नदी में छलांग लगाकर पिता-पुत्र को सुरक्षित निकाल लिया।

इसी तरह अजमेर से आए एक परिवार के सात सदस्य राणोजी की छत्री के सामने शिप्रा में स्नान कर रहे थे। उसी दौरान पैर फिसलने से 29 वर्षीय शिवराम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे भी तैराकों ने बचा लिया। वहीं, इंदौर के तीन युवकों को भी सिद्ध आश्रम के समीप घाट पर तैराक दल ने बचा लिया।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp