Ujjain News : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के 100 कर्मचारियों के भविष्य निधि के खातों से 13 करोड़ रुपये के गबन के मामले में बुधवार को जेल कर्मचारी आमरण अनशन पर बैठ गए। कर्मचारियों के परिवार ने भी उनका साथ दिया। कर्मचारियों की मांग है कि तत्काल जेल अधीक्षक को हटाया जाए। उनके रहते निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है।

बता दें कि केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से रुपये निकलने व तीन खातों में रुपये जमा होने पर जिला कोषालय ने गड़बड़ी पकड़ी थी। जांच में पता चला कि 100 कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से 13 करोड़ रुपये की राशि गायब हुई है।

बुधवार को जेल प्रहरी सुरेंद्र मरमट, गोरधन सिंह तथा सफाई कर्मचारी मोहनलाल जेल परिसर में ही आमरण अनशन पर बैठ गए। सुरेंद्र मरमट के भविष्य निधि खाते से 27 लाख रुपये गायब हुए हैं। वह चार माह बाद सेवानिवृत्त होने वाला है। वहीं गोरधन के खाते से 19 लाख रुपये निकाले गए हैं।

गाेरधन का कहना है कि वह ब्लड कैंसर का मरीज है। बीते साल उपचार के लिए उसने 90 फीसर राशि की मांग की थी, मगर मात्र 1.68 लाख रुपये नही निकालने की अनुमति दी गई। अब भविष्य निधि खाते से 19 लाख रुपये चले गए हैं। उसके पास इलाज के रुपये भी नहीं है। वहीं बच्चे की शादी का कर्ज भी वह कैसे उतारेगा। इसी प्रकार मोहनलाल का कहना है कि उसके खाते से 10 लाख रुपये गए हैं।

जांच टीम पर भरोसा नहीं, मिल रही धमकी

आमरण अनशन पर परिवार के साथ बैठे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें जांच टीम पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। जांच टीम के अधिकारी हर वक्त जेल अधीक्षक उषा राज को साथ लेकर घूम रहे हैं। इससे निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। जेल अधीक्षक उषा राज को तत्काल निलंबित कर हटाया जाना चाहिए। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कुछ लोग धमकी दे रहे हैं कि अनशन खत्म कर दो नहीं तो इसका परिणाम अच्छा नहीं होगा। कर्मचारियों को निलंबित करने की धमकी भी दी जा रही है।

तीसरे दिन भी जारी रही जांच

सोमवार को जांच के लिए जेल डीआइजी मंशाराम पटेल व अन्य अधिकारियों की टीम उज्जैन पहुंची थी। जांच दल लगातार तीन दिनों से जांच में जुटा है। जेल कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मामले को लेकर तराना विधायक महेश परमार ने विधानसभा में ध्यान आकर्षण सूचना लगाई है।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close