Ujjain News: (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के 100 कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से 15 करोड़ रुपये की राशि गबन के मामले में शनिवार को पुलिस ने जेल अधीक्षक उषा राज को हिरासत में ले लिया। जेल कर्मचारियों ने जेल परिसर में ढोल बजाए और पटाखे फोड़े। शुक्रवार को जेल अधीक्षक को हटाकर भोपाल मुख्यालय अटैच किया गया था, वहीं देवास जेल अधीक्षक हिमानी को केंद्रीय जेल भैरवगढ़ का प्रभार सौंपा गया है। डीआइजी मंशाराम पटेल की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से जेल के सहायक लेखा अधिकारी रिपुदमनसिंह व शैलेंद्रसिंह सिकरवार ने 13 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकाल ली।
आरोपितों ने जेल के लैंडलाइन नंबर खातों में जोड़ दिए थे। इससे गड़बड़ी का पता नहीं चले। करीब तीन साल से गबन किया जा रहा था। मामला सामने आने के बाद कोषालय के अधिकारियों ने रिपुदमनसिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। जेल डीजी अरविंद कुमार के निर्देश पर हुई जांच के बाद शुक्रवार को जेल अधीक्षक उषा राज को हटाकर भोपाल मुख्यालय अटैच कर दिया गया है वहीं देवास जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे को उज्जैन जेल का प्रभार सौंपा गया है।
तीन नोटिस का जवाब नहीं, कार्यालय से ले गई पुलिस
जेल अधीक्षक की आइडी व पासवर्ड का उपयोग कर ही गबन कांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने जेल अधीक्षक उषा राज को बयान दर्ज करवाने के लिए तीन बार नोटिस जारी किए थे, मगर एक भी नोटिस का जवाब नहीं दिया और ना ही अपने बयान दर्ज करवाए थे। पुलिस कार्रवाई में सहयोग नहीं करने पर पुलिस ने शनिवार सुबह उषा राज को जेल परिसर में बने कार्यालय से उन्हें हिरासत में लिया और उन्हें थाने ले गई।
जहां पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई गई है। कार्यालय पहुंचकर किया हंगामाजेल अधीक्षक उषा राज शनिवार सुबह जेल परिसर में बने कार्यालय पहुंच गई थी। जहां उन्होंने जमकर हंगामा मचाया। कर्मचारियों पर आरोप लगाए कि उनके कारण ही ट्रांसफर हुआ है। इससे वे काफी नाराज हैं।
जेल अधीक्षक बोली मैं कोई अपराधी नहीं
जेल अधीक्षक उषा राज को जब पुलिस गिरफ्तार कर लेकर जा रही थी उस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि वे कोई अपराधी नहीं हैं और न ही फरार हो रही हैं। वे खुद लड़ रही हैं। कानून सबके लिए है। महिला पुलिसकर्मियों ने जब उनका हाथ पकड़ा तो उन्होंने उसे झटकते हुए कहा कि हाथ मत पकड़ो। नई अधीक्षक ने संभाला प्रभारजेल अधीक्षक उषा राज को हटाने के साथ ही देवास की जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे को उज्जैन की केंद्रीय जेल भैरवगढ़ का प्रभार सौंपा गया है। शनिवार को हिमानी उज्जैन पहुंची और उन्होंने जेल का प्रभार ग्रहण कर लिया।
-सटोरियों के खाते में गए रुपये इधर, जेल सूत्रों के अनुसार जेल कर्मचारियों के खाते से गायब हुए रुपयों की जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि कुछ जेल कर्मचारियों के खाते से रुपये संदिग्ध लोगों के खाते में गए हैं। इनमें से कुछ लोग ऐसे हैं, जिन पर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं। ललित, सुशील, गोपाल आदि सटोरियों के खाते में रुपये गए हैं। जांच अधिकारी इस बिंदु पर भी जांच कर रहे हैं।
15 करोड़ के पीएफ घोटाले के आरोप में जेल अधीक्षक उषा राज हिरासत में pic.twitter.com/6EPTkvpwaG
— NaiDunia (@Nai_Dunia) March 18, 2023
Posted By: Navodit Saktawat
- Font Size
- Close