-सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश आज, वृष्टि चक्र निर्माण के लिए नौ दिन खास
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि पर बुधवार को सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश होगा। सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के प्रथम नौ दिन नवतपा कहलाते हैं। नवतपा में भीषण गर्मी पड़ती है। लेकिन इस बार वृषभ राशि में सूर्य व बुध ग्रह की युति बन रही है। इससे नवतपा में तपन की बजाय तेज हवा, उमस तथा बूंदाबांदी होने की संभावना अधिक बन रही है। मौसम विज्ञानियों का भी मानना है कि 25 मई के बाद से प्री-मानूसन गतिविधियां शुरू होगी, जो मौसम में बदलाव के रूप में नजर आएगी।
ज्योतिषाचार्य पं.अमर डब्बावाला के अनुसार सामान्यतः नौतपा की परिभाषा सूर्य के नोहिणी नक्षत्र में प्रवेश से लेकर प्रथम नौ दिन की संचरण अवधि की मानी जाती है। इसके अनुसार इस बार 25 मई से नवतपा शुरू होगा, जो 2 जून तक रहेगा। हालांकि सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में संचरण 13 से 15 दिन का रहता है। इस बार भी सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में संचरण की अवधी 14 दिन की रहेगी। 25 मई को रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के बाद सूर्य 8 जून को मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। नवतपा के नौ दिन वर्षा ऋ तु चक्र का निर्माण होगा। इस बार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश की स्थित उत्तम वृष्टि के योग बता रही है।
सूर्य बुध की युति से बदलेगा मौसम
वर्तमान में सूर्य व बुध वृषभ राशि में गोचरस्थ हैं। बुध ग्रह को मौसम का कारक ग्रह माना जाता है। सूर्य के साथ होने से मौसम में परिवर्तन की स्थिति निर्मित करेगा। नवतपा के दौरान तेज हवा, बारिश, उमश, तपिश की स्थिति निर्मित होगी।
प्री मानसून गतिविधि शुरू होगी
शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डा.राजेंद्रप्रकाश गुप्त ने बताया आने वाले दिनों में प्रि मानसून गतिविधि की शुरुआत होगी। तेज हवा, बूंदाबांदी, उमस, तपिश का मौसम रहेगा। थोड़े समय के लिए गर्मी से रहात मिल सकती है।
रात का पारा 23 डिग्री पहुंचा, सुबह हुई हल्की बूंदा-बांदी
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। उत्तर भारत में तेज हवा के साथ हो रही बारिश का असर उज्जैन में भी रहा। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात का न्यूनतम पारा 3 डिग्री लुढ़ककर 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह हल्की बूंदा-बांदी हुई। दोपहर में तेज धूप खिलने से लोग उमस से परेशान हुए। जीवाजी वेधशाला के अनुसार 24 घंटों में दिन का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री से उछलकर 38.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हवा सुबह 6 और शाम को 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तापमान में कोई बड़ा बदलाव न होने का अनुमान जताया है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close