Health Tips: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। स्वस्थ रहने के लिए अक्सर डाक्टर परामर्श देते हैं कि घर का भोजन करना ही बेहतर होता है। यह बात सच भी है, क्योंकि घर का बना भोजन शुद्ध, स्वच्छ और पौष्टिक होता है। पर आजकल घर में भी कुछ इस तरह का भोजन बनने लगा है जो सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
आहार व पोषण विशेषज्ञ डा. संगीता मालू के अनुसार, बाहर का भोजन करने से असंतुलित व अधिक कैलोरीयुक्त आहार का सेवन अधिक होता है, जो शरीर को नुकसान पहुंचाता है। परिणाम यह होता है कि कुछ ही दिनों में शरीर को रोग जकड़ लेते हैं। मोटापा, कब्ज, रक्तचाप, हृदयरोग आदि समस्या होने की आशंका बढ़ जाती है।
आहार पर दें विशेष ध्यान
यदि स्वस्थ रहना है तो कुछ बातों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। आहार के पहले उसके आकार पर भी ध्यान देना चाहिए। अगर अधिक कैलोरी व वसा युक्त भोजन किया है, जैसे बेक समोसा, समोसा, कचौरी, क्रीमरोल, केक, पेस्ट्री, घी से बनी मिठाई, तो याद रखें कि इसकी मात्रा कम कर दें। इन्हें भरपेट खाने के बजाए सिर्फ स्वादानुसार ही खाएं। इसके विपरीत कम वसा और कैलोरी युक्त आहार किया है जैसे फल, सब्जी, सलाद, पत्तेदार सब्जी का सेवन तो अधिक मात्रा में करें।
भोजन में साबुत अनाज शामिल करें
भोजन में साबुत अनाज को जरूर शामिल करें। ऐसा अनाज जिसमें छिलके हों, वे भी आहार का हिस्सा बनाएं। सलाद, अंकुरित अनाज, छिलके वाली दालें, मिस्सी रोटी, चौकर सहित आटा अपने आहार में जरूर शामिल करें। आप जितना भोजन करते हैं, उसमें करीब 40 से 50 ग्राम फायबर होना चाहिए। इससे कोलेस्ट्राल का स्तर कम होता है और मोटापा व कब्ज भी नहीं होता।
वसायुक्त भोजन का सेवन कम करें
अधिक प्रोटीन युक्त आहार खाने के चक्कर में कई बार अधिक वसायुक्त भोजन कर लिया जाता है, जो शरीर को नुकसान पहुंचाता है। जैसे मांसाहार में वसा अधिक होती है और मलाई युक्त दूध भी इस श्रेणी में आता है। इनका सेवन भी सोच समझकर करना चाहिए। दूध भी मलाई वाला नहीं पिएं। यदि वसा ज्यादा खा लेते हैं तो फायबर की मात्रा भी बढ़ाएं।
Posted By: Hemraj Yadav
- Font Size
- Close