Spine Disorder: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जीवन शैली में बदलाव और आरामदायक दिनचर्या के कारण शारीरिक समस्याएं होने लगी हैं। स्पाइन डिसार्डर यानी रीढ़ की हड्डी की समस्या बुजुर्गों के साथ ही युवाओं को भी अपनी चपेट में ले रही है। कमर, गर्दन के पिछले हिस्से में तकलीफ और हाथ-पैरों का सुन्न होना अब आम बात हो गई है। इसका प्रमुख कारण दिनचर्या में परिवर्तन माना जाता है। हम कैसे चलते हैं? कैसे उठते-बैठते हैं, यह सब एर्गोनामिक्स यानी श्रमदक्षता के नियमों में कवर होता है। गाड़ी चलाने के तरीके, कुर्सी और सामने रखे कंप्यूटर की ऊंचाई भी सही मुद्रा में तय करके हम स्पाइन की समस्या से बच सकते हैं। ये सभी कार्य ऐसे करने चाहिए, जिससे कि हड्डी और मांसपेशियों में तनाव ना होने पाए।
यह बात न्यूरोलाजिस्ट डा. वरुण कटारिया ने कही। उन्होंने बुधवार को नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों को न्यूरोलाजी से जुड़ी समस्याएं और समाधान के बारे में जानकारी दी। डा. कटारिया ने बताया कि बुजुर्गों के साथ ही अब बच्चों को भी याददाश्त कमजोरी होने लगी है, साथ ही माइग्रेन की दिक्कत भी युवा वर्ग में बढ़ने लगी है।
पाठकों के सवाल, न्यूरोलाजिस्ट के जवाब
सवाल- एक साल पहले घुटने का आपरेशन करवाया था, लेकिन अभी भी घुटने में दर्द, मोड़ने में दिक्कत आती है। इसका क्या कारण है? -नृसिंह कुंडलवाल, अन्नपूर्णा
जवाब- घुटने के आसपास की मांसपेशियों कमजोर हो गई होंगी। उसकी ताकत बढ़ाना पड़ेगी, साथ ही व्यायाम नियमित रूप से करना होगा। खानपान का ध्यान रखते हुए हर चार-पांच घंटे में कुछ न कुछ खाना चाहिए। इससे घुटने में सुधार हो सकता है।
सवाल- मेरी याददाश्त कमजोर हो गई है और उम्र बढ़ने के साथ अब सीढ़ियां चढ़ने में भी परेशानी आती है? -राजेश अग्रवाल, देवास
जवाब- याददाश्त कमजोर होने का कारण शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ा है। शुगर, थायराइड की जांच करानी चाहिए। मानसिक तनाव लेने से भी याददाश्त कमजोर हो जाती है, इसलिए नींद पूरी करना बेहद जरूरी है। वहीं, सीढियां चढ़ने में यदि परेशानी आ रही हैं तो विशेषज्ञ की सलाह से इलाज शुरू करवाना चाहिए, ताकि सही समय पर इलाज हो सके।
सवाल- सीधे हाथ में कंधे से कमर तक दर्द होता है। इससे चलने में भी दिक्कत होती है? -लखनलाल डाबर, राजेन्द्र नगर
जवाब- इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि काम करने के दौरान गर्दन के झुकाव ज्यादा तो नहीं होता है, क्योंकि इससे भी कंधे और कमर में दर्द होता है, इसलिए हमें काम के दौरान थोड़ी-थोड़ी देर शरीर को आराम देना चाहिए, साथ ही एक बार एक्सरे भी करवा लेना चाहिए, ताकि क्या बीमारी है? पता चल सके। वहीं, रोजाना नियमित व्यायाम करने से भी इससे राहत मिल सकती है।
सवाल- पीठ में दर्द होता है? एक्सरे रिपोर्ट में कोई बीमारी नहीं आई है। बाइक पर बैठने पर ज्यादा समस्या आती है। -अनिल कुछालिया, इंदौर
जवाब- एक्सरे रिपोर्ट में कुछ नहीं आया यानि हड्डी की बनावट ठीक है। इसके बाद भी दर्द हो रहा है तो एमआरआइ करवाना चाहिए, ताकि क्या बीमारी है, इसका पता चल सके। वहीं दर्द होने पर में ज्यादा पेनकिलर मेडिसिन से बचना चाहिए।
सवाल- पार्किंसन बीमारी से पीड़ित हूं। वजन बढ़ता जा रहा है और भूख भी ज्यादा लगती है। चलने में भी परेशानी आने लगी है। -कमल सिंघल, छावनी
जवाब- पार्किंसन के लिए नियमित रूप से समय पर दवाइयां लेना चाहिए हालांकि इसमें दवाइयां बदलनी भी पड़ती है, इसलिए समय-समय पर अपने डाक्टर को दिखाए। फिजियोथेरेपी के माध्यम से चलने में आ रही परेशानी को ठीक किया जा सकता है।
सवाल- पिछले एक साल से चलने में दिक्कत आ रही है? घुटने में भी दर्द होता है, जबकि मैंने घुटना रिप्लेसमेंट भी करवा लिया है। -मनोहरलाल शर्मा, टेलीफोन नगर
जवाब- रीड़ की हड्डी से निकलने वाली नशें दबती हैं तो उसके कारण यह समस्या आती है। ब्लड सर्कुलेशन भी सही नहीं होता है तो भी चलने में दिक्कत होती है। ऐसे में विशेषज्ञ के पास जाना चाहिए, ताकि वह समस्या को समझकर उचित इलाज कर सकें।
सवाल- कुछ साल पर एक्सीडेंट हुआ था, लेकिन कुछ दिनों से सिर में कान के पीछे दर्द होता है। इसका क्या कारण है?-हेमलता साहू, श्याम नगर
जवाब- पुरानी चोट का इससे सीधा संबंध तो नहीं होता है। यह कान में इंफेक्शन के कारण भी हो सकता है। कई बार यह कुछ दिनों में ठीक भी हो जाता है, लेकिन फिर भी एक बार विशेषज्ञ को दिखा देना चाहिए।
सवाल- मानसिक तनाव रहता है। क्या इसके कारण गले में जलन और एसिडिटी की समस्या होती है? -मदन कोली, सिवनी
जवाब- यह भ्रांतियां है कि मानसिक तनाव के कारण पेट में समस्या होती है। ऐसा कुछ नहीं होता है। एक बार मनोरोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए।
सवाल- ब्लड प्रेशर बढ़ता है। इसके कारण सिर दर्द, चलने में परेशानी, घुटने और कमर में भी दर्द होता है। -रविन्दर कौर, विजय नगर
जवाब- ऐसी स्थिति में लापरवाही न बरतते हुए तुरंत विशेषज्ञ की सलाह से उपचार करवा लेना चाहिए।
सवाल- सुबह सोकर उठता हूं तो सिर भारी-भारी लगता है। इसका क्या कारण है? -रमेशचन्द्र, विजय नगर
जवाब- रात में खर्राटे ज्यादा आते होंगे, थ ही नींद पूरी नहीं होने के कारण यह समस्या आती है। रात में सोते समय मोबाइल का उपयोग न करें। कई बार इससे भी समस्या आती है।
सवाल- हाथों में कंपन है, इसके कारण ठीक से लिख भी नहीं पाता हूं? - महेन्द्र शर्मा, बृजेश्वरी कालोनी
जवाब- हाथ, सिर, गर्दन में कंपन है। इसे फिजियोथेरेपी के माध्यम से ठीक किया जा सकता है। इसके लिए दवाइयां आती हैं, जिसे विशेषज्ञ की सलाह से ले सकते हैं।
सवाल- ब्रेन स्ट्रोक हो गया था, जिसके कारण अभी तक शरीर में कंपन होता है? - श्रीनारायण शर्मा, एलआइजी कालोनी
जवाब- नियमित और समय से दवाइयां लेनी चाहिए। खून पतला होने के कारण भी कंपन होता है, इसलिए खानपान का ध्यान रखना चाहिए।
सवाल- हाथ-पैर में दर्द होता है। दवाइयां लेने के बाद कुछ देर तक आराम रहता है, लेकिन बाद में फिर दर्द उठता है। - राजकुमार सैन, ओल्ड पलासिया
जवाब- फिजियोथेरेपी के माध्यम से यह ठीक हो सकता है। यदि किसी अन्य बीमारी की दवाइयां खा रहे हैं, उसे हर छह माह में डाक्टर की सलाह से बदलना पड़ता है, इसलिए जिस डाक्टर से इलाज करवा रहे हैं, उसे समय-समय पर दिखाते रहें।