
डिजिटल डेस्क। मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मोहजमा गांव में आवारा कुत्ते ने तीन साल की एक बच्ची पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान एसकेएमसीएच में बच्ची की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
मृतक बच्ची की पहचान मोहजमा गांव निवासी कमलेश सहनी की पुत्री शिवानी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बच्ची अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी, तभी अचानक दौड़ते हुए आए कुत्ते ने उसके सिर पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई।
आनन-फानन में परिजनों ने उसे पारू सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।
गांव वालों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मोहजमा गांव में आवारा कुत्तों का झुंड लगातार सड़कों पर घूमता रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
पारू थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि कुत्ते के हमले में बच्ची की मौत की सूचना मिली है। हालांकि अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।