Har Ghar Tiranga Campaign । देश की आजादी को 75 वर्ष पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव देशभर में मनाया जा रहा है और वहीं केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विपक्षी दलों ने सियासत शुरू कर दी है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव, मायावती और ममता बनर्जी जैसे नेता हर घर तिरंगा अभियान का खुलकर विरोध तो नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन विपक्षी दल अब आजादी के अमृत महोत्सव पर अपने अलग कार्यक्रम का आयोजित करने में लग गए हैं।
राहुल और अखिलेश की भी मजबूरी
कांग्रेस और राहुल गांधी भी 'हर घर तिरंगा' अभियान का खुला विरोध नहीं कर पा रहे हैं। राहुल गांधी ने यह जरूर कहा कि राशन कार्ड धारकों को जबरन झंडे बेचे जा रहे हैं, लेकिन पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से तिरंगे फहराने को कहा है। इसी तरह अखिलेश यादव ने अभियान का नाम बदलकर 'हर घर फहरे तिरंगा' किया और इसका हिस्सा बने। हालांकि अखिलेश ने यह जरूर कहा कि भाजपा झंडे के डंडे से दंगा करवा सकती है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के समर्थन में बसपा
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हर घर तिरंग अभियान का समर्थन किया है। मायावती ने 15 अगस्त को सभी को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग घरों पर तिरंगा झंडा लगाकर खुशी मनाइये। 15 अगस्त 2022 का दिन अंग्रेजों की गुलामी से आजादी का 75 वर्ष है।
झारखंड में सोरेन सरकार 40 लाख घरों तक पहुंचाएगी तिरंगा
झारखंड सरकार ने 40 लाख घरों तक तिरंगा झंडा फहराने का इंतजाम कर लिया है। राज्य के सभी जिला उपायुक्तों को झंडे उपलब्ध करा दिए गए हैं। सिर्फ रांची में 5 लाख तिरंगे झंडे का नि:शुल्क बांटा जाएगा। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए समीक्षा बैठक की थी।
केरल के CM भी बोले, 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम को मिलेगी सफलता
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, 'कुदुंबश्री स्वयं सहायता समूहों ने 26.25 लाख राष्ट्रीय ध्वज का उत्पादन शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों को बड़ी सफलता मिलेगी।
Posted By: Sandeep Chourey
- # Har Ghar Tiranga Campaign
- # Opposition parties
- # Rahul gandhi
- # Akhilesh yadav
- # Mayawati
- # Mamta banerjee
- # हर घर तिरंगा
- # राहुल गांधी
- # अखिलेश यादव
- # मायावती
- # ममता बनर्जी