झारखंड हाई कोर्ट ने धनबाद के एक अपार्टमेंट में आग लगने से 14 लोगों की मौत पर स्वतः संज्ञान लिया है। एक्टिग चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिह और जस्टिस दीपक रौशन की अदालत ने मामले में संज्ञान लेते हुए गुरुवार को इस पर विस्तृत सुनवाई निर्धारित की है। अदालत ने महाधिवक्ता को गुरुवार को अदालत में उपस्थित रहने और घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट की जानकारी देने को कहा है।

सरकार की ओर से घटना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी और आग लगने के बाद क्या-क्या इंतजाम सरकार की ओर से किए गए हैं, इसकी भी जानकारी दी जाएगी। बता दें कि धनबाद में हुए अग्निकांड में अब तक 14 की मौत हुई है। इनमें 10 महिलाएं, तीन बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। 36 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। इनमें से कई गंभीर हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आग लगने की इस घटना में मारे गए लोगों के आश्रितों को प्रति आश्रित चार लाख रुपये देने की घोषणा की है। बुधवार को ही रांची से फोरेसिक टीम धनबाद से पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फोरेसिक टीम के निर्देश पर आशीर्वाद अपार्टमेंट के ए और बी ब्लाक को सील कर दिया गया है।

यहां के 64 फ्लैट के लोग अपने सामान लेकर दूसरी जगहों पर चले गए हैं। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी बुधवार की शाम धनबाद पहुंचे। उन्होंने जहां घायलों से मुलाकात की, वहीं आशीर्वाद अपार्टमेंट का मुआयना किया। घायल महिलाओं में से चार की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

Posted By: Navodit Saktawat

देश
देश
 
google News
google News