नई दिल्ली। देश के कुछ हिस्सों में मानसून के सक्रिय होने से जोरदार बारिश हो रही है तो कुछ हिस्सों को मानसून के पहुंचने का इंतजार है। पश्चिमी तट खासकर मुंबई और कोंकण क्षेत्रों में शुक्रवार को भारी बारिश ह़ुई। दूसरी तरफ मानसून की उत्तरी सीमा में कोई प्रगति नहीं हुई है। छठे दिन भी मानसून के आगे बढ़ने का कोई संकेत नहीं दिखा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मानसून तेलंगाना में जोरदार है जबकि कोंकण और गोवा, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में सक्रिय है। इसके चलते इन क्षेत्रों में अगले 48 से 72 घंटे के दौरान तेज और अत्यधिक तेज बारिश होने का अनुमान है।

इसके अलावा महाराष्ट्र के अंदरूनी इलाकों, दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश होने की उम्मीद है। पिछले चौबीस घंटे में मुंबई में 283 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस तरह जून में अब तक वहां 537 मिमी वर्षा हो चुकी है जो मासिक औसत 523 मिमी से अधिक है।

मौसम का पूर्वानुमान बताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, दक्षिण गुजरात तट से केरल तक समुद्र तट से उठने वाली हवा के कारण इन क्षेत्रों में बारिश हो रही है।

Posted By:

देश
देश