देश में कोरोना मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। बीते 3 दिनों में ही 1 लाख नए मरीज सामने आ चुके हैं, इसके साथ ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा 9 लाख को पार कर गया है। हर गुजरते दिन के साथ यह घातक संक्रमण और तेजी से अपने पैर पसार रहा है। अनलॉक होने के बाद अब कई राज्यों में दोबारा लॉकडाउन की स्थिति बनने लगी है। महाराष्ट्र, यूपी, कर्नाटक, ओडिशा, असम सहित कई राज्यों में कुछ जिलों में लॉकडाउन लगाया जा चुका है, वहीं अन्य राज्यों में भी अब स्थिति बिगड़ती दिखाई दे रही है। एमपी में रविवार को लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है। जिस रफ्तार से नए कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं उससे आशंका जताई जा रही है कि अगले दो से तीन दिनों में देश में कोरोना मरीजों की संख्या 10 लाख पार कर जाएगी।
बिहार में पूर्ण लॉकडाउन होगा लागू
बिहार में एक बार फिर पूर्ण लॉकडाउन होने जा रहा है। मंगलवार को सरकार ने आला अधिकारियों की बैठक बुलाई थी इसमें लॉकडाउन पर फैसला हुआ है। नीतीश सरकार ने राज्य में 16 से 31 जुलाई तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। राज्य में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। जून महीने में एक दिन में पॉजिटिव केस मिलने की रफ्तार दो से ढाई सौ थी वहीं जुलाई में अब 11 सौ से 12 सौ मामले मिलने लगे हैं। मुख्यसचिव के निर्देश के बाद पहले भागलपुर और उसके बाद 10 जुलाई से पटना में आंशिक लॉकडाउन लागू किया गया। अगले ही दिन करीब 15 जिलों में आंशिक लॉकडाउन लगा दिया गया। अब सरकार ने लॉकडाउन को लेकर कठोर कदम उठाने का फैसला किया है।
Lockdown to be imposed in the state from 16 to 31 July to curb the spread of #COVID19. Guidelines are being prepared: Bihar Deputy CM Sushil Kumar Modi (File pic) pic.twitter.com/sGz9AYicUO
— ANI (@ANI) July 14, 2020
दिल्ली में 80 फीसदी रिकवरी रेट
देश में एक तरफ जहां नए कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार काफी तेज हो गई है, वहीं दूसरी ओर देश की राजधानी दिल्ली से एक राहत देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 80 फीसदी को पार कर गया है। इसका सीधा मतलब है कि हर 10 मरीजों में से 8 मरीज ठीक हो रहे हैं। यह रिकवरी रेट अब तक का सर्वाधिक है। दिल्ली में 1 लाख 13 हजार से ज्यादा संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 91 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल सूबे में 19 हजार एक्टिव केस मौजूद हैं।
मुंबई में 24 घंटे में 47 मौतें
महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई है। महाराष्ट्र में 6 हजार 400 से ज्यादा नए केस रिकॉर्ड किए गए हैं, हालांकि यह पिछले छह दिन का सबसे कम केसों का आंकड़ा है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 2 लाख 60 हजार को पार कर गई है। इसके अलावा मुंबई में एक दिन में 1,158 नए केस मिले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान 47 लोगों की मौत भी हुई है।
देश में 28 हजार नए मामले, 553 मौतें
देश में कोरोना मरीजों की संख्या अब 9 लाख को पार कर गई है। सोमवार को देश में 28,498 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में देश में 553 मौतें हो चुकी हैं। मरीजों की कुल संख्या 9,06,752 पहुंच गई है। इसमें से वर्तमान में 3,11,565 एक्टिव केसेस हैं। 5,71,460 मरीज अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं और 23,727 हजार मौतें हो चुकी हैं।
India's #COVID19 case tally crosses 9 lakh mark with 28,498 new cases & 553 deaths reported in the last 24 hours.
Total positive cases stand at 9,06,752 including 3,11,565 active cases, 5,71,460 cured/discharged/migrated and 23,727 deaths: Ministry of Health pic.twitter.com/EnYWzKOTDB
— ANI (@ANI) July 14, 2020
19 राज्यों और UTs में रिकवरी रेट बढ़ा
देश के 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में भी राहतभरी खबर हैं। इन सभी जगहों पर कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट नेशनल एवरेज 63.02 प्रतिशत से ज्यादा है। केंद्र
सरकार की ओर से कहा गया है कि देश में 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में नेशनल औसत मृत्यूदर 2.64 प्रतिशत से कम थी। भारत सरकार की ओर से कहा गया है कि 'कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 63.02 प्रतिशत हो गया है। रिकवरी/डेथ रेशो 96.01% : 3.99% हो गया है।'
The recovery rate among COVID-19 patients has increased to 63.02%. The recoveries/deaths ratio is 96.01%:3.99% now: Government of India https://t.co/O2YyMuLCwL
— ANI (@ANI) July 14, 2020
यूपी में टेस्ट क्षमता बढ़ाने के निर्देश
देश में नए कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद सरकार ने राज्य में कोरोना की जांच क्षमता बढ़ाकर 50 हजार करने का कहा है। सोमवार को राज्य में 36 हजार कोरोना टेस्ट किए गए थे। राज्य में अब तक 38 हजार से ज्यादा कोरोना केस मिल चुके हैं, वहीं 24 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 955 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।
मध्यप्रदेश में बिगड़ रहे हालात
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ने के खतरे को देखते हुए सरकार ने 31 जुलाई तक हर रविवार को लॉकडाउन करने का फैसला लिया है। वहीं दूसरी ओर अब स्थानीय प्रशासन भी शहरों और जिलों को लॉकडाउन करने की तरफ बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। ग्वालियर में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में सदस्यों द्वारा शहर में 7 से 10 दिन के टोटल लॉकडाउन को लेकर सहमति बनने की बात सामने आ रही है, वहीं शिवपुरी कलेक्टर ने शहर को 19 जुलाई तक लॉकडाउन करने का आदेश दिया है।
10 लाख के करीब पहुंचा आंकड़ा
देश में कोरोना मरीजों की संख्या बीते 1 महीने में काफी तेजी से बढ़ गई है। इसका इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आखिरी एक लाख नए मरीज सिर्फ 3 दिनों में सामने आए हैं। इसके साथ ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा 9 लाख 6 हजार को पार कर चुका है। जिस रफ्तार से मरीजों की संख्या बढ़ रही है उससे लगता है कि अगले तीन दिनों में देश में 10 लाख कोरोना मरीज हो जाएंगे।
अब तक किसी भी देश कोरोना को पूरी तरह ठीक कर सके ऐसी कोई दवाई या वैक्सीन इजाद नहीं कर सका है। ऐसे में पूरी दुनिया की निगाह इस वक्त सिर्फ कोरोना के बचाव पर और जल्द वैक्सीन आने पर टिकी हुई है।
Posted By: Neeraj Vyas
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे