Republic Day 2023: गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपर्दी मुर्मू पहली बार गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराएंगी और परेड की सलामी लेंगी। इस समारोह के विशेष अतिथि मिस्र अरब गणराज्य के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी हैं। ये परेड विजय पथ से लाल किले तक आयोजित किया जाएगा।
बैठने की व्यवस्था
कोरोना से पहले गणतंत्र दिवस समारोह में करीब सवा लाख लोग शामिल होते थे। लेकिन इस बार परेड को 45 हजार लोग देख सकते हैं। करीब 12 हज़ार पास बांटे गए हैं और 32 हजार से ज्यादा ऑनलाइन टिकटों की बिक्री हुई है। बैठने के लिये अलग तरह के इंतजाम किए गए हैं। वर्टिकल प्लेटफार्म पर कुर्सियां लगायी गयी है, ताकि पीछे बैठे लोग भी कार्यक्रम देख सकें।
कब होगी शुरुआत?
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10.06 मिनट पर होगी। राष्ट्रीय समर स्मारक पर पीएम मोदी राष्ट्र की ओर से शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। 10.29 मिनट पर 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। 10.30 बजे राष्ट्रपति के आगमन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद परेड की शुरुआत होगी। डेढ़ घंटे तक चलने वाला परेड दिन के 12.05 मिनट पर समाप्त होगा, जिसके बाद राष्ट्रपति प्रस्थान करेंगी।
परेड में होगा खास
- इस बार देश में बने 105 एमएम लाइट फील्ड गन से ही 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
- इस बार परेड में शामिल थलसेना के सारे हथियार स्वदेशी हैं।
- पहली बार, मिस्र के सशस्त्र बलों का एक संयुक्त बैंड और मार्च टुकड़ी औपचारिक परेड में भाग लेंगे।
- इस परेड में पहली बार महिला कर्मी सीमा सुरक्षा बल (BSF) के ऊंट दल का हिस्सा होंगी।
- इस साल 23 झांकियां दिखाई जाएंगी। जिनमें 17 झांकियां विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की होंगी।
- इनके अलावा 6 विभिन्न सरकारी मंत्रालयों और विभागों की हैं। पहली बार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भी झांकी में शामिल होगा।
- फ्लाई पास्ट में हिस्सा लेने वाले 44 विमानों में 9 राफेल जेट और हल्के हमलावर हेलीकॉप्टर सहित अन्य विमान शामिल होंगे।
- गणतंत्र दिवस समारोह में 18 हेलीकॉप्टर, 23 लड़ाकू विमान और 8 ट्रांसपोर्टर विमान एयर शो में शामिल होंगे।
Posted By: Shailendra Kumar
- Font Size
- Close