Weather News: पिछले महीने कड़ाके की ठंड झेल चुके उत्तर भारत के अधिकांश प्रदेशों को राहत मिलने वाली है। अब ठिठुरन भरा दौर नहीं आएगा। हालांकि, फरवरी के अंत तक सर्दी बनी रहेगी। लेकिन आसमान साफ रहेगा, धूप खिलेगी और तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा। जनवरी में शीतलहर चली और बारिश भी हुई। वहीं कोहरे ने भी लोगों को परेशान किया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री तक चला गया था। वहीं हरियाणा, राजस्थान एवं पंजाब के कुछ जिलों में यह शून्य से भी नीचे दर्ज किया गया। अब फरवरी में ऐसा कुछ होने के संकेत नहीं हैं।

देशभर में मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार 10 दिन तक कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना नहीं है। दो से चार फरवरी के दौरान पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी और वर्षा हो सकती है, लेकिन मैदानी इलाकों पर उसका असर नहीं दिखेगा।

अगले 10 दिन मौसम रहेगा साफ

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. नरेश कुमार के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में अब तापमान में वृद्धि हो सकती है और यह सामान्य की ओर बढ़ेगा। वहीं स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि जिस हिसाब से माडल पूर्वानुमान दिखा रहे हैं, उससे साफ संकेत मिल रहा है कि ठिठुरन भरी सर्दी का दौर अब लगभग खत्म हो चुका है। 10 दिन तक मौसम पूरी साफ रहने वाला है। सुबह-शाम हल्की ठंड रहेगी, लेकिन दिन में धूप से राहत मिलेगी। तापमान भी बढ़ने लगेगा।

तापमान सामान्य स्तर पहुंचा

बुधवार को दिल्ली में कोहरे से राहत रही और मौसम भी साफ रहा। दिनभर धूप खिली रही। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 8.6 डिग्री सेल्सियस, तो अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 53 से 100 प्रतिशत रहा। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को भी आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 22 एवं 9 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। एक हफ्ते में इसके बढ़कर 24 एवं 10 डिग्री होने की संभावना है।

Posted By: Kushagra Valuskar

देश
देश
 
google News
google News