
डिजिटल डेस्क: उत्तर भारत में इस बार सर्दियों की तीव्रता (Cold Wave) सामान्य से काफी अधिक रहने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग (IMD Alert) ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में शीतलहर के दिनों में बढ़ोतरी का अलर्ट (Weather Update) जारी किया है। आमतौर पर इन राज्यों में 4 से 6 दिन तक कोल्डवेव का प्रभाव रहता है, लेकिन इस बार यह अवधि 10 दिन तक खिंच सकती है। तापमान में लगातार गिरावट और उत्तरी हवाओं की सक्रियता के चलते ठंड के और कड़े पड़ने की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में 5-6 दिसंबर से कड़ाके की ठंड बढ़ने वाली है। IMD का कहना है कि इन दिनों से प्रदेश में शीतलहर चलेगी और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे पहले बीती रात भोपाल, इंदौर सहित प्रदेश के 6 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। विभाग के अनुसार 5 दिसंबर से हिमालयी क्षेत्रों में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस बनने जा रहा है, जिसके चलते वहां बर्फबारी का अलर्ट जारी है। इस बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में बर्फीली हवाओं के रूप में दिखेगा।
राजस्थान में भी इस बार दिसंबर से फरवरी तक कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है। शीतलहर के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने और न्यूनतम तापमान में और कमी आने की संभावना है। उत्तरी, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में ठिठुरन ज्यादा असर दिखाएगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में सर्दी सामान्य रहेगी। चूरू, झुंझुनूं और सीकर में 3 से 5 दिसंबर तक शीतलहर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में भी मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में मंगलवार को पाला गिरने के बाद ठंड अचानक बढ़ गई। चारधाम क्षेत्रों में तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। केदारनाथ में माइनस 18 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 14 डिग्री, गंगोत्री में माइनस 17 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निचले इलाकों जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की धुंध दिखाई दी।
दिसंबर 2025 के लिए शीत लहर/कोल्ड वेव का आउटलुक
Cold wave outlook for the December 2025
अधिक जानकारी के लिए लिंक पर जाएं : https://t.co/AZ5Kq8Lvbb
For more information, visit: https://t.co/py3TdSM63s#imd #weatherupdate #mausam #outlook #season #temperatures #Rainfall… pic.twitter.com/bFnBsOV1EO
— India Meteorological Department (@Indiametdept) December 1, 2025
बिहार में भी सर्दी धीरे-धीरे असर दिखाने लगी है। पटना, गोपालगंज, बेतिया, समस्तीपुर सहित 8 शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह में ठिठुरन महसूस की गई। विभाग का कहना है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह से सर्दी में तेजी आएगी और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी दर्ज हो सकती है।
दक्षिण भारत में साइक्लोन दितवाह के प्रभाव से तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। दितवाह अब कमजोर हो चुका है, लेकिन सोमवार को भारी बारिश के कारण चेन्नई एयरपोर्ट से 10 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और आज भी बारिश का प्रभाव जारी रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- Sanchar Saathi App: चोरी, फ्रॉड और फर्जी सिम पर रोक... संचार साथी को सरकार ने किया अनिवार्य, जानिए 10 बड़ी बातें