मुंबई Maharashtra Legislative Council Polls। महाराष्ट्र विधान परिषद की 6 सीटों के लिए हुए चुनाव भाजपा को बुरी तरह हार हुई है। यहां 6 सीटों के चुनाव में भाजपा को मात्र एक सीट पर ही जीत हासिल हुई है। शेष 5 सीटों पर शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस के महाविकास आघाड़ी गठबंधन ने विजय हासिल की है। गौरतलब है कि नवंबर माह में भाजपा के हाथों महाराष्ट्र की सत्ता फिसल गई थी, उसके बाद भाजपा को एक बार फिर महाराष्ट्र में बड़ा झटका लगा है।
भाजपा ने उतारे थे 4 उम्मीदवार
महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनाव में भाजपा ने चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। वहीं भाजपा ने एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया था।
हार को बोले फडनवीस , चूक हो गई
चुनाव परिणामों के बाद अपनी हार कबूल करते हुए भाजपा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र विधानपरिषद चुनाव के परिणाम उम्मीदों के मुताबिक नहीं निकले हैं। हम अपनी पराजय स्वीकार करते हैं। सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली है। हमसे तीनों पार्टियों (महाविकास आघाड़ी) की मिलकर चुनाव लड़ा था, इसलिए हम उनकी ताकत का अनुमान लगाने में चूक गए।
नागपुर में भी मिली भाजपा को हार
भाजपा को सबसे बुरी हार नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हुई है। नागपुर को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहीं पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का मुख्यालय भी है। नागपुर सीट से पूर्व में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और फडणवीस के पिता गंगाधर राव फडणवीस विजय हासिल कर चुके हैं। मंगलवार को हुए चुनाव को महाविकास आघाड़ी और बीजेपी के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा था।
आघाड़ी की जीत एकता का सबूत
6 में से 5 सीटों पर महाविकास आघाड़ी की जीत पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि विधानपरिषद चुनाव में आघाड़ी की जीत गठबंधन पार्टियों के बीच एकता का सबूत हैं। इधर पुणे से आघाड़ी के उम्मीदवार अरुण लाड ने एनडीए उम्मीदवार संग्राम देशमुख को हराया है। NCP नेता नवाब मलिक ने कहा कि जनता ने महाविकास आघाड़ी के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है।
Posted By: Sandeep Chourey
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे