Budget 2022: साल 2022-23 का बजट कई मायनों में सबसे अनोखा होनेवाला है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2022 को सुबह 11 बजे संसद में आम बजट (Union Budget 2022) पेश करेंगी। इससे एक दिन पहले यानी 31 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। साथ ही, इसी दिन दोपहर में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 1 फरवरी 2022 को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। पहली बार आम बजट पेपरलेस फॉर्म में होगा। इसके अलावा बजट पेश होते ही फौरन ही सारी जानकारी एक ही साथ सांसदों और आम लोगों को उपलब्ध होगी।

कैसे देख सकते हैं आम बजट?

दरअसल वित्त मंत्रालय आम लोगों को बजट से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ऐप लेकर आई है। 1 फरवरी 2022 को बजट पेश होने के साथ ही सारी जानकारी इस ऐप उपलब्ध होगी, जिसे कोई भी डाउनलोड कर पढ़ सकता है। ये हिंदी और इंगलिश, दोनों ही भाषाओं में उपलब्ध होगी। सरकार ने इसके लिए यूनियन बजट मोबाइल ऐप (Union Budget Mobile App) लॉन्च किया है। ये एंड्राएड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। आप चाहें तो बजट ऐप http://indiabudget.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। बजट से जुड़े तमाम दस्तावेज यूनियम बजट पोर्टल पर भी उपलब्ध होंगे, जहां से आप इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।

नहीं होगी हलवा सेरेमनी

इस साल बजट से जुड़ी अहम परंपरा ‘हलवा सेरेमनी’ भी नहीं होगी। कोरोना के बढ़ते मामलों और सेफ्टी प्रोटोकॉल के कारण इस बार मिठाई बांट कर बजट की फाइनल प्रक्रिया शुरू की गई है। केंद्रीय बजट बनाने की प्रक्रिया के अंतिम चरण को चिह्नित करने के लिए, मौजूदा महामारी की स्थिति और आवश्यकता को देखते हुए हलवा समारोह के बजाय कोर कर्मचारियों को उनके कार्यस्थलों पर मिठाई बांटी गई।

हर साल बजट पेश करने से पहले हलवा सेरेमनी वित्त मंत्रालय के स्टॉफ मेंबर्स और अधिकारियों की कोशिशों और मेहनत को मान्यता देने के लिए हलवा सेरेमनी रखी जाती है। इसमें एक बड़ी कढ़ाई में हलवा तैयार किया जाता है और फिर वित्त मंत्रालय के अधिकारियों को परोसा जाता है। इस सेरेमनी में वित्तमंत्री भी मौजूद होते हैं।

Posted By: Shailendra Kumar

देश
देश