आपको भी लगी है किसी की बुरी नजर? अपनाएं ये सरल ज्योतिषीय उपाय, मिलेगी राहत
Nazar Dosh Remedies: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, बुरी नजर यानी नजर दोष व्यक्ति के जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। इससे सफलता में बाधा आती है, दांपत्य और पारिवारिक जीवन में तनाव बढ़ता है और स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है। सनातन धर्म में नजर दोष से संबंधित कई पारंपरिक उपाय बताए गए हैं, जिनसे नकारात्मक ऊर्जा को दूर किया जा सकता है।
Publish Date: Mon, 24 Nov 2025 06:01:16 PM (IST)
Updated Date: Mon, 24 Nov 2025 06:01:16 PM (IST)
ज्योतिष शास्त्र में नजर दोष को दूर करने के कई प्रभावी उपाय बताए गए हैं।HighLights
- तांबे के लोटे से उतारा कारगर उपाय।
- भैरो बाबा का काला धागा लाभकारी।
- लौंग से नजर दोष दूर होने की मान्यता।
धर्म डेस्क: ज्योतिष शास्त्र में नजर दोष को एक ऐसी नकारात्मक ऊर्जा माना गया है, जो व्यक्ति के जीवन में अनेक तरह की समस्याएं पैदा कर सकती है। माना जाता है कि जब किसी की बुरी नजर किसी व्यक्ति, उसके परिवार या उसके कामकाज पर लगती है, तो उसकी प्रगति रुक जाती है और मन में बेचैनी बढ़ने लगती है। सनातन धर्म में ऐसे कई उपाय (Nazar Utarne ke Upay) बताए गए हैं, जिनकी मदद से नजर दोष से मुक्ति पाई जा सकती है और नकारात्मक ऊर्जा को दूर किया जा सकता है।
नजर लगने के संकेत
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, नजर लगने पर कुछ खास संकेत दिखने लगते हैं। परिवार में अनावश्यक विवाद बढ़ सकते हैं, जिससे घर का वातावरण अस्थिर होने लगता है। सुख-शांति की कमी महसूस होती है और व्यक्ति का मन हमेशा बेचैन रहता है। इसके साथ ही सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है और व्यवसाय या नौकरी में रुकावट आने लगती है। नकारात्मक ऊर्जा के कारण कार्यों में सफलता नहीं मिलती और जीवन में तनाव बढ़ने लगता है।
![naidunia_image]()
ज्योतिष शास्त्र में बताए गए उपाय
- इन समस्याओं से बचने के लिए ज्योतिष शास्त्र में कई उपाय बताए गए हैं। पहला उपाय तांबे के लोटे से जुड़ा है। यदि किसी व्यक्ति को नजर लगी हो, तो तांबे के लोटे में साफ जल भरकर उसके ऊपर से 11 बार उतारा जाता है। इसके बाद इस जल को किसी पौधे की जड़ में या चौराहे पर डाल दिया जाता है। माना जाता है कि यह उपाय नजर दोष को समाप्त करता है। इस दौरान यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि उतारे के समय किसी की बाधा न आए।
- दूसरा उपाय भैरो बाबा से संबंधित है। मान्यता है कि यदि व्यक्ति भैरो बाबा के मंदिर से काला धागा लाकर अपने हाथ में बांध ले, तो नजर दोष की समस्या दूर होने लगती है। यह उपाय विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी माना जाता है, जिन्हें बार-बार नकारात्मक ऊर्जा का सामना करना पड़ता है।
तीसरा उपाय लौंग से किया जाता है, जिसे नजर दोष के लिए अत्यंत प्रभावी माना गया है। यदि परिवार के किसी सदस्य पर नजर लग गई हो, तो 5 लौंग को उसके ऊपर से 7 बार सीधे और 7 बार उलटे उतारा जाता है। इसके बाद इन्हें नष्ट कर दिया जाता है। ज्योतिष के अनुसार, इससे बुरी नजर का प्रभाव समाप्त होने लगता है। इन सभी उपायों का उद्देश्य नकारात्मक ऊर्जा को दूर करना और व्यक्ति के जीवन में संतुलन व शांति वापस लाना है। हालांकि, इन्हें आस्था और विश्वास के साथ ही किया जाना चाहिए, तभी बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। नईदुनिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। नईदुनिया अंधविश्वास के खिलाफ है।