Pushya Nakshatra 2023 Date: 27 नक्षत्रों में से एक पुष्य नक्षत्र को सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। पुष्य नक्षत्र संपन्नता का सूचक है। पुष्य नक्षत्र में सोना, चांदी की खरीदारी करने से परिवार में समृद्धि, संपन्नता बढ़ती है। 24 मई को बुध पुष्य नक्षत्र का संयोग बन रहा है। इस दिन विवाह की तैयारी के लिए वर-वधु के लिए सोना, जेवरात की खरीदी करना शुभदायी होगा।
27 नक्षत्राें में श्रेष्ठ पुष्य नक्षत्र संपन्नता का सूचक
ज्योतिषाचार्य डा.दत्तात्रेय होस्केरे के अनुसार अगले महीने 29 जून से चातुर्मास प्रारंभ हो जाएगा और विवाह मुहूर्त पर रोक लग जाएगी। इससे पूर्व के मुहूर्तों में होने वाले विवाह के लिए 24 मई को पड़ रहे बुध पुष्य नक्षत्र में खरीदारी करना श्रेष्ठ होगा। पुष्य नक्षत्र में की गई खरीदारी से समृद्धि बढ़ती है। चातुर्मास प्रारंभ होने से पहले पुष्य नक्षत्र में हर तरह का शुभ कार्य किया जा सकता है।
ये शुभ कार्य करें
24 मई को 3.06 बजे से पुष्य नक्षत्र प्रारंभ होगा और 25 मई को 5.54 बजे तक रहेगा। इस दौरान सोना, चांदी, हीरा, मोती एवं अन्य जवाहरात, इलेक्ट्रानिक्स, तांबे की मूर्तियां फर्नीचर, किचन सामग्री की खरीदारी, गृह प्रवेश, व्यवसाय, जनेऊ संस्कार आदि संपन्न करना फलदायी होगा। ऐसा करने से परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ती है।
27 नक्षत्रों में आठवां नक्षत्र है पुष्य
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कुल 27 नक्षत्र होते हैं। इनमें से पुष्य नक्षत्र आठवें स्थान पर आता है। पुष्य नक्षत्र का स्वामी ग्रह बृहस्पति और स्वामी शनि है। इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले पराेपकार स्वभाव के होते हैं, वे हमेशा दूसराें की मदद के लिए तैयार रहते हैं। अपने पुरुषार्थ के बल पर सफलता प्राप्त करते हैं। भाग्यशाली होते हैं।
ये हैं 27 नक्षत्र
अश्विनी, भरणी, पूर्वा फाल्गुनी, मघा, रोहिणी, आर्द्रा, पुष्य, पुनर्वसु, उत्तर फाल्गुनी, चित्रा, अश्लेषा, हस्त, स्वाति, उत्तराषाढ़ा, ज्येष्ठा, अभिजीत, उत्तर भाद्रपद, विशाखा, शतिभिषा, कृतिका, मृगशिरा, श्रवण, रेवती, पूर्व भाद्रपद, धनिष्ठा, अनुराधा, मूला।
अगले छह महीनों में पुष्य नक्षत्र
इस साल 2023 में रवि पुष्य नक्षत्र 8 जनवरी, रवि पुष्य 5 फरवरी, शनि पुष्य 4 मार्च, शुक्र पुष्य 31 मार्च, शुक्र पुष्य 28 अप्रैल को पड़ा। अब अगले छह महीनों में बुध पुष्य 24-25 मई, बुध पुष्य 21 जून, बुध पुष्य 19 जुलाई, सोम पुष्य 11 सितंबर, रवि पुष्य 8 अक्टूबर, रवि पुष्य 5 नवंबर, शनि पुष्य 2 दिसंबर और शुक्र पुष्य का संयोग 29 दिसंबर को बनेगा।
Posted By: Ashish Kumar Gupta
- # Pushya Nakshatra
- # Pushya Nakshatra 2023
- # Pushya Nakshatra Date
- # Importance of Budh Pushya Yog
- # Pushya Yog Date Time