Phulera Dooj 2023: वैदिक पंचांग अनुसार हर साल फाल्गुन माह में शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को फुलेरा दूज मनाई जाती है। शास्त्रों में फुलेरा दूज को काफी महत्ता दी गई है। इस दिन अबूझ मुहूर्त होता है, यानी इस दिन बिना किसी मुहूर्त देखे विवाह आदि शुभ कार्य किए जा सकते हैं। इसी दिन से होली पर्व का शुभारंभ भी माना जाता है। मथुरा में फुलेरा दूज से होली की शुरुआत हो जाती है और ब्रज में श्रीकृष्ण के साथ फूलों के संग होली खेली जाती है।

कब मनाई जाएगी फुलेरा दूज?

हिन्दु पंचांग के मुताबिक इस साल फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि का आरंभ 21 फरवरी 2023 को सुबह 07 बजकर 33 मिनट पर होने जा रहा है। जिसका अंत अगले दिन 22 फरवरी 2023 को सुबह 04 बजकर 26 मिनट पर होगा। उदया तिथि को आधार मानते हुए फुलेरा दूज 21 फरवरी 2023 को ही मनाई जाएगी। फुलेरा दूज के दिन गोधुलि मुहूर्त में श्रीकृष्ण और राधा-रानी की पूजा होती है। बता दें कि इस दिन गोधुलि मुहुर्त शाम 06 बजकर 41 मिनट से शाम 07 बजकर 06 मिनट तक है।

जानिए इसका महत्व

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक इस दिन ग्रह-नक्षत्रों के अशुभ दोषों का कोई प्रभाव नहीं रहता। इसलिए इस दिन विवाह, संपत्ति खरीदना या नया व्यापार शुरू करना आदि कार्य बिना किसी मुहूर्त के शुरू कर सकते हैं। फुलेरा दूज के दिन घर में भगवान कृष्ण की पूजा की जाती है और अपने ईष्ट देव के साथ राधा-कृष्ण को अबीर-गुलाल अर्पित किया जाता है। वहीं इस दिन से होली पर्व की भी शुरुआत हो जाती है। साथ ही इस पर्व की खास रौनक ब्रजभूमि के मंदिरों में देखने को मिलती है। सारे धाम को फूलों से सजाया जाता है और लोग एक दूसरे के साथ फूलों से ही होली खेलते हैं। भगवान कृष्ण और राधा रानी को माखन- मिश्री का भोग लगाते हैं।

Posted By: Shailendra Kumar

rashifal
rashifal
  • Font Size
  • Close