
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के बांदा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चार दिन पहले एक महिला को उसकी मां व भाई ने पैसों के लालच में हरियाणा के एक युवक को एक लाख 38 हजार रुपये में बेच दिया था। यही नहीं, उस महिला की जबरन दूसरी शादी भी करा दी थी। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची, जहां उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस समय महिला को बेचने वाले परिजनों और मानव तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
बता दें कि जनपद चित्रकूट के गांव निवासी महिला ने 22 नवंबर 2025 को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट बांदा (एएचटीयू) में तहरीर दी थी। उसने आरोप लगाया था कि 20 नवंबर को उसकी माता एवं भाई ने उसे बांदा लाकर जबरन ग्राम वासवार थाना हसनपुर जनपद पलवल हरियाणा के कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम को बेच दिया। उसने यह भी बताया कि उसकी मर्जी के बिना कृष्ण कुमार से जबरन शादी करा दी गई, जबकि वह पूर्व से ही शादीशुदा है।
पीड़िता के इन आरोपों पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। पीड़िता के लगाए गए गंभीर आरोपों एवं प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान पीड़िता के बयान, एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में सक्रिय थी।
एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर मुखबिर की सूचना पर एसआई अनिल कुमार ने हमराहियों के साथ मिलकर मुख्य आरोपित कृष्ण कुमार को रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज बांदा के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि शेष सह-अभियुक्तों की गिरफ्तारी व घटना से जुड़े मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियों की बारीकी से जांच की जा रही है।